28 दिसंबर को नई टिहरी में स्थापित होगी महाराजा सुदर्शन शाह की प्रतिमा: किशोर उपाध्याय
टिहरी गढ़वाल । टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने दीपावली एवं राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जनपदवासियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि और विकास की कामना की।
रविवार को अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने दीपावली के आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व भगवान श्रीराम, माता सीता और हनुमान जी के स्मरण एवं पूजन का पर्व है। साथ ही दीपावली गरीब और छोटे कारोबारियों के लिए आजीविका के अवसर भी लेकर आती है।
राज्य स्थापना दिवस के संदर्भ में विधायक ने उत्तराखंड राज्य निर्माण के 26 वर्षों के सफर को याद करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और उत्तराखंड राज्य आंदोलन के प्रणेता इंद्रमणि बड़ोनी के योगदान का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के पीछे जिन भावनाओं और अपेक्षाओं की भूमिका रही, उनकी रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने टिहरी, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग जैसे पर्वतीय जनपदों को पर्याप्त राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिए जाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि हिमालयी क्षेत्रों के विकास और यहां के लोगों की राजनीतिक भागीदारी पर गंभीरता से ध्यान दिया जाना चाहिए।
विधायक ने एक महत्वपूर्ण पहल की जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 28 दिसंबर को टिहरी स्थापना दिवस के अवसर पर टिहरी रियासत के संस्थापक महाराजा सुदर्शन शाह की प्रतिमा नई टिहरी में स्थापित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि महाराजा सुदर्शन शाह के योगदान और उनकी स्मृतियों को आज अपेक्षित पहचान नहीं मिल पाई है। उनकी स्मृतियों को संजोने और नई पीढ़ी को टिहरी के इतिहास से परिचित कराने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। इसके लिए सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह से भी संपर्क किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि टिहरी के इतिहास, विरासत और गौरवशाली परंपराओं को संरक्षित करना आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपने क्षेत्र के ऐतिहासिक योगदान को जान सकें।



