छाम पुलिस की तत्परता से घायल चालक को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया
टिहरी गढ़वाल 10 सितंबर। थाना छाम क्षेत्र के नागराजाधार में गुरुवार सुबह एक पिकअप वाहन सड़क से नीचे दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में वाहन चालक अंदर फंस गया। सूचना मिलते ही छाम पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद चालक को वाहन से सुरक्षित बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना सुबह करीब 5:40 बजे हुई। पिकअप वाहन संख्या UK07CD8896 देहरादून से उत्तरकाशी की ओर जा रहा था और उसमें ऑनलाइन डिलीवरी का सामान लदा था। नागराजाधार के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा, जिससे चालक वाहन के अंदर फंस गया।
सूचना मिलते ही थाना छाम पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल चालक को प्राथमिक सहायता देने के बाद 108 एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने चालक की पहचान कमल पुत्र अशोक (37 वर्ष), निवासी ग्राम/थाना विलसंडा, जनपद पीलीभीत, उत्तर प्रदेश के रूप में की है। चालक ने पुलिस को बताया कि वह करीब दो माह से वाहन चला रहा था और उसके अनुसार हादसा वाहन के ब्रेक फेल होने के कारण हुआ। वाहन स्वामी के रूप में सागर चंद निवासी नयागांव, बडोवाला, देहरादून का नाम बताया गया है।
पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।




