टिहरी गढ़वाल 6 सितम्बर। नागरिक मंच टिहरी की मासिक बैठक रविवार को सामुदायिक मिलन केंद्र बौराड़ी में अध्यक्ष सुंदरलाल उनियाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शहर और जिले से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करते हुए सर्वसम्मति से कई प्रस्ताव पारित किए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि नागरिक मंच की आमसभा एवं कार्यकारिणी का चुनाव 4 अक्टूबर 2026 को कराया जाएगा।
बैठक में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल के ट्रांजिट कैंप कार्यालय को मुनि की रेती खोले जाने का कड़ा विरोध किया गया। मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि नई टिहरी टिहरी बांध से विस्थापितों के पुनर्वास के बाद बसाया गया शहर है और पुनर्वास नियमावली के अनुसार जिले के प्रमुख कार्यालय जिला मुख्यालय में ही संचालित किए जाने चाहिए। इसी उद्देश्य से मास्टर प्लान के तहत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय कार्यालयों के लिए नई टिहरी में भवनों का निर्माण कराया गया है। मंच ने नरेंद्रनगर में संचालित जिला स्तरीय कार्यालयों को भी नई टिहरी जिला मुख्यालय में लाने की मांग की।
उत्तराखंड नशा मुक्ति आंदोलन एवं गायत्री योग टिहरी के संयोजक देवी सिंह पवार की ओर से नशामुक्ति को लेकर रखे गए प्रस्ताव का नागरिक मंच ने पूर्ण समर्थन किया। इस संबंध में शासन को पत्र भेजकर प्रभावी नशामुक्ति अभियान चलाने की मांग करने का निर्णय लिया गया।
वहीं, टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण संघर्ष समिति के आंदोलन को भी नागरिक मंच ने अपना पूर्ण समर्थन दिया। मंच ने टिहरी में मेडिकल कॉलेज के निर्माण की मांग को जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा बताते हुए संघर्ष समिति के साथ खड़े रहने का निर्णय लिया।
बैठक के दौरान नागरिक मंच के प्रचार मंत्री किशोरी लाल चमोली की धर्मपत्नी श्रीमती एकादशी चमोली, बौराड़ी निवासी युद्धवीर सिंह रावत तथा गब्बर सिंह रावत की धर्मपत्नी के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर शोक व्यक्त किया गया। सदस्यों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
इस अवसर पर त्रिलोक रमोला, कमल सिंह महर, चंडी प्रसाद डबराल, भगवान चंद्र रमोला, चतर सिंह चौहान, टीकम सिंह चौहान, नरोत्तम जखमोला, महावीर प्रसाद भट्ट एडवोकेट, प्रीति चौहान, भगवानदेय तोपवाल, डॉ. उमेद सिंह रावत, भगवान सिंह पवार, हुकम सिंह कुटी एडवोकेट, चिंतामणि थपलियाल, देवी सिंह पवार, बीपी बधानी, सूर्यमणि भट्ट, हरिप्रसाद विश्वकर्मा, मनोज शाह आदि उपस्थित रहे। बैठक का संचालन नागरिक मंच के महामंत्री जगजीत सिंह नेगी एडवोकेट ने किया।
नागरिक मंच की बैठक में कई प्रस्ताव पारित, मेडिकल कॉलेज के समर्थन और नशामुक्ति अभियान को दिया बल

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



