टिहरी गढ़वाल 23 सितम्बर। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष/जनपद न्यायाधीश नितिन शर्मा के निर्देश पर बुधवार को विकासखंड चम्बा के अमर शहीद श्री सोहन लाल सेमवाल राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज, नागदेव पथल्ड में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव दयाराम के तत्वावधान में आयोजित शिविर में छात्र-छात्राओं को कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां सरल एवं व्यावहारिक भाषा में दी गईं। सचिव ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली, निःशुल्क कानूनी सहायता तथा नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के संबंध में जानकारी दी।
शिविर में साइबर अपराध, मोटर वाहन अधिनियम तथा पोक्सो एक्ट-2012 के विभिन्न प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई। विद्यार्थियों को लैंगिक अपराधों से बचाव के उपायों के साथ ही किसी अप्रिय घटना की स्थिति में बिना भय के उचित मंच पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई। साथ ही साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्कता बरतने और अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर कॉलेज के प्रधानाचार्य मुकेश उनियाल, रिटेनर अधिवक्ता राजपाल सिंह मियां, अधिकार मित्र सोमवारी लाल सकलानी ‘निशान्त’, अन्य शिक्षकगण, प्राधिकरण के अधिकार मित्र तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
विधिक जागरूकता शिविर में विद्यार्थियों को साइबर अपराध और पोक्सो कानून की दी जानकारी

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



