टिहरी के लाल डॉ. राहुल बधानी का देशभर में डंका

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

एएमएएसआईकॉन-2026 में यंग स्कॉलर अवार्ड का प्रथम पुरस्कार

देहरादून। टिहरी गढ़वाल के नकोट गांव से निकले युवा चिकित्सक डॉ. राहुल बधानी ने चिकित्सा एवं सर्जरी के क्षेत्र में जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। कोलकाता में आयोजित एएमएएसआईकॉन-2026 के 21वें अंतर्राष्ट्रीय अवार्ड एवं बर्सरी कार्यक्रम में डॉ. राहुल को यंग स्कॉलर अवार्ड का प्रथम पुरस्कार मिला है। देश-विदेश से पहुंचे युवा सर्जनों के बीच उनके शोध को सर्वश्रेष्ठ चुना गया।
डॉ. राहुल ने लेप्रोस्कोपिक कोलेसिस्टेक्टॉमी (पित्त की थैली के दूरबीन वाले ऑपरेशन) को अधिक सुरक्षित बनाने से जुड़े महत्वपूर्ण विषय पर शोध किया है। उनके शोध में फ्लोरोसेंट कोलेंजियोग्राफी के दौरान प्रीऑपरेटिव आईसीजी दिए जाने के उचित समय का अध्ययन किया गया है। शोध के निष्कर्ष ऑपरेशन के दौरान संभावित जोखिमों को कम करने और प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित बनाने में उपयोगी हो सकते हैं।
पहले भी मिल चुका है प्रथम पुरस्कार
डॉ. राहुल की यह पहली उपलब्धि नहीं है। इससे पहले गैस्ट्रिक सर्जरी के क्षेत्र में उनके शोध को गुवाहाटी में आयोजित कार्यक्रम में प्रथम पुरस्कार मिल चुका है। लगातार मिल रही इन उपलब्धियों से उन्होंने युवा चिकित्सकों के बीच अपनी पहचान बनाई है।
चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ा है परिवार
डॉ. राहुल के पिता श्री बी.पी. बधानी सेवानिवृत्त चीफ फार्मासिस्ट हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। उनकी एक बहन जिला सहकारी बैंक में प्रबंधक हैं और दूसरी बहन एमबीबीएस के बाद एमडी प्रशिक्षण ले रही हैं। राहुल की पत्नी डॉ. नयनश्री जोशी बधानी भी चिकित्सक हैं और वर्तमान में नेत्र रोग में एमडी की पढ़ाई कर रही हैं। डॉ. नयनश्री, डॉ. आर.पी. जोशी की पुत्री हैं और उनकी माता प्रो. वीणा जोशी हैं।
नकोट से देहरादून तक का सफर
मूल रूप से टिहरी गढ़वाल के नकोट गांव निवासी डॉ. राहुल का परिवार वर्तमान में देहरादून के बंजारावाला में रहता है। उन्होंने नेशनल मेडिकल कॉलेज, कोलकाता से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की है। चिकित्सा क्षेत्र में शोध और नवाचार के प्रति उनकी रुचि ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।
डॉ. राहुल की उपलब्धि से उनके परिवार के साथ ही नकोट और टिहरी गढ़वाल क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिजनों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!