शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और सामाजिक उत्तरदायित्व के लिए किया गया सम्मानित
टिहरी गढ़वाल 23 अक्टूबर। ओंकारानंद सरस्वती राजकीय महाविद्यालय, देवप्रयाग में वनस्पति विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक एवं राजकीय महाविद्यालय तेगड़ (लोस्तु बडियार) के प्रभारी प्राचार्य डॉ. सुबोध कुमार कण्डारी को डॉ. भीमराव आंबेडकर राष्ट्रीय पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, शैक्षणिक समर्पण, सामाजिक उत्तरदायित्व और व्यावसायिक उत्कृष्टता के लिए प्रदान किया गया है।
स्टार्टअप शिक्षा फाउंडेशन, नई दिल्ली की ओर से जारी सम्मान-पत्र के अनुसार, डॉ. कण्डारी का चयन उनके उल्लेखनीय कार्यों, समाज पर सकारात्मक प्रभाव तथा सामाजिक उत्थान के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए किया गया। यह पुरस्कार समानता, सशक्तीकरण, न्याय और राष्ट्र निर्माण के उन आदर्शों से प्रेरित है, जिनका संदेश भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर ने दिया था।
डॉ. कण्डारी की इस उपलब्धि से महाविद्यालय और क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। उनकी सफलता को शिक्षा जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। यह सम्मान न केवल उनके शैक्षणिक योगदान की पहचान है, बल्कि विद्यार्थियों के विकास और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने वाले शिक्षकों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
क्षेत्रवासियों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने उम्मीद जताई है कि डॉ. कण्डारी भविष्य में भी विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास, उच्च शिक्षा की गुणवत्ता और सामाजिक उत्थान की दिशा में अपना योगदान जारी रखेंगे।




