देशभर से जुटे सहजयोगी, देवी स्तुति और कुंडलिनी जागरण और कॉर्डिनेटरस की भूमिका पर हुई चर्चा
ऋषिकेश। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के ललित मोहन शर्मा परिसर, ऋषिकेश में शुक्रवार को राष्ट्रीय नवरात्रि पूजा एवं सहज योग सेमिनार का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि परिसर निदेशक प्रो. महावीर सिंह रावत, डॉ. एल.एन. जोशी, नेशनल ट्रस्ट के सोहन लाल भल्ला और ऋषिकेश की पूर्व महापौर अनीता ममगाईं तथा छात्र संघ के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अतिथियों ने श्री माता निर्मला देवी को माल्यार्पण कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
परिसर निदेशक प्रो. महावीर सिंह रावत ने अपने संबोधन में सहज योग ट्रस्ट के पदाधिकारियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में पहली बार सामाजिक और आध्यात्मिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण है। सहज योग के माध्यम से विश्वभर में किए जा रहे जागरूकता संबंधी प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने आयोजकों से परिसर की स्वच्छता और विद्यार्थियों की अपेक्षाओं का ध्यान रखने का आग्रह करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के लिए सहयोग का भरोसा दिया।
कार्यक्रम का संचालन पी.एस. रावत ने किया। सेमिनार में देशभर से बड़ी संख्या में सहजयोगी महिला-पुरुषों और युवा शक्ति ने प्रतिभाग किया। उद्घाटन सत्र के बाद देवी स्तुति के माध्यम से श्री माता निर्मला देवी से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों और कुंडलिनी जागरण की अवधारणा पर जानकारी साझा की गई।
इसके बाद मेजर अमर सिंह चंदेल और विक्रांत ने युवा शक्ति टूर प्रोग्राम-2026 के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों और गतिविधियों की जानकारी दी। वहीं, मयंक गुप्ता ने सहज योग की अवधारणा और इसके प्रसार में कोऑर्डिनेटरों की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में आध्यात्मिक जागरूकता, युवा सहभागिता और सहज योग के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।




