- डीपी उनियाल
टिहरी गढ़वाल 24 अक्टूबर । नगर पंचायत गजा स्थित शाखा डाकघर की ओर से शिखर स्कॉलर्स एकेडमी हाई स्कूल में ‘ढाई आखर’ राष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यालय के कक्षा 6 से 10 तक के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को ‘एक चिट्ठी धरती मां के नाम, प्रकृति की रक्षा मेरा वादा’ विषय पर पत्र लेखन का अवसर दिया गया। विद्यार्थियों को अपने पत्र मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, उत्तराखंड परिमंडल को संबोधित करते हुए प्रकृति संरक्षण के प्रति अपने विचार और संकल्प व्यक्त करने हैं।
शाखा डाकघर गजा के पोस्टमास्टर चतर सिंह पंवार ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में पत्र लेखन की रुचि बढ़ाने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना है। प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 50 हजार, 25 हजार और 10 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी जाएगी। वहीं, उत्तराखंड परिमंडल स्तर पर प्रथम पुरस्कार 25 हजार, द्वितीय पुरस्कार 10 हजार और तृतीय पुरस्कार पांच हजार रुपये निर्धारित है।
प्रतियोगिता के आयोजन में विद्यालय के प्रधानाचार्य कुंवर सिंह खाती, उप प्रधानाचार्य ललित सेमवाल, शिक्षक ज्योति प्रसाद उनियाल और प्रदीप कुमार ने सहयोग किया। इस अवसर पर डाकघर के सब्बल सिंह चौहान और राहुल भी मौजूद रहे।




