पौखाल महाविद्यालय में आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण, CPR और खोज-बचाव के बताए तरीके

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

भूदेव ऐप की उपयोगिता के साथ आपदा के दौरान बचाव और प्राथमिक उपचार की दी जानकारी

टिहरी गढ़वाल, 14 अक्टूबर। जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल की ओर से बुधवार को राजकीय स्नातक महाविद्यालय पौखाल में आपदा जनजागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को आपदा से पहले की तैयारी, आपदा के दौरान बचाव तथा आपदा के बाद की सावधानियों की जानकारी दी गई। साथ ही खोज-बचाव, प्राथमिक उपचार और भूदेव ऐप के उपयोग के बारे में भी बताया गया।

जिलाधिकारी के निर्देशों तथा अपर जिलाधिकारी और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में डीडीएमए के मास्टर ट्रेनर अनिल सकलानी ने विभिन्न प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने भूकंप, बाढ़ एवं जलभराव, घरेलू आग और जंगल की आग जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों और क्या करें-क्या न करें के बारे में विस्तार से समझाया।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को खोज-बचाव में इस्तेमाल होने वाले बुनियादी उपकरणों, आपातकालीन टोल फ्री नंबरों और सीपीआर (CPR) के माध्यम से जीवन बचाने की तकनीक की जानकारी दी गई। इसके अलावा अधिक रक्तस्राव रोकने, स्थानीय संसाधनों से स्ट्रेचर तैयार करने, घायलों को सुरक्षित तरीके से उठाने और एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के तरीके बताए गए। खोज-बचाव कार्यों में उपयोग होने वाली बुनियादी गांठें बांधने का अभ्यास भी कराया गया।

कार्यक्रम में भूदेव ऐप की उपयोगिता और आपदा संबंधी सूचनाओं के लिए इसके इस्तेमाल की जानकारी भी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को आपातकालीन परिस्थितियों में सजग रहने तथा जरूरत पड़ने पर प्राथमिक बचाव कार्यों में सहयोग करने के लिए जागरूक करना रहा।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सुरेश चंद्र सहित डॉ. अंधरुति शाह, डॉ. बबीत कुमार विहान, डॉ. पुष्पा झाबा, अरविंद नारायण, डॉ. गोविन्द कुमार, डॉ. सर्वेश कुमार, प्रताप गुसाईं, राजेंद्र राणा, राजपाल, रोशन, गंभीर और डॉ. विपिन चंद्र उनियाल सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!