प्रारूप सूची के मुकाबले 3,010 मतदाता बढ़े, पुरुषों की संख्या 2.43 लाख और महिलाओं की 2.23 लाख
टिहरी गढ़वाल 6 अक्टूबर। विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद टिहरी जिले की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। जिले की सभी छह विधानसभा सीटों में अब कुल 4,66,638 मतदाता दर्ज हैं। 14 जुलाई 2026 को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में 4,63,628 मतदाता थे। इस तरह अंतिम सूची में 3,010 मतदाताओं की वृद्धि हुई है।
मंगलवार को अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 3 अक्टूबर को किया जा चुका है।
अंतिम मतदाता सूची में 2,43,051 पुरुष, 2,23,583 महिला और 4 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं।
छह विधानसभा क्षेत्रों में बढ़े मतदाता
विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार घनसाली में मतदाताओं की संख्या 85,081 से बढ़कर 86,346, देवप्रयाग में 75,437 से बढ़कर 75,801, नरेंद्रनगर में 79,199 से बढ़कर 79,507, प्रतापनगर में 74,237 से बढ़कर 74,594, टिहरी में 66,877 से बढ़कर 67,185 और धनोल्टी में 82,797 से बढ़कर 83,205 हो गई है।
बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम रूप से प्रकाशित निर्वाचक नामावली की हार्ड कॉपी और सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई गई। अंतिम मतदाता सूची संबंधित पदाभिहीत स्थलों, मतदेय स्थलों तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालयों में भी उपलब्ध है।
प्रशासन के अनुसार मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन भी देखी जा सकती है। सूची से संबंधित किसी निर्णय से असंतुष्ट व्यक्ति निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपील कर सकता है। वहीं मतदाता सूची के निरंतर अद्यतन की प्रक्रिया जारी रहेगी।
1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र नागरिक भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए संबंधित निर्वाचन कार्यालयों के साथ ही भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध है।
बैठक में प्रशासनिक अधिकारी निर्वाचन जवाहर सिंह, भाजपा के जयेंद्र सिंह पंवार, कांग्रेस के गब्बर सिंह रावत, नवीन सेमवाल और सतीश चमोली, बसपा के सुशील पाण्डेय सहित संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।




