कांग्रेस चुनावी हार की हताशा में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर उठा रही सवाल: कुंदन परिहार

Govind Pundir
5 Min Read
खबर को सुनें

नई टिहरी में भाजपा महामंत्री का विपक्ष पर हमला, ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ’ अभियान के जरिए जनता के बीच जाएगी पार्टी; अंकिता भंडारी प्रकरण में सीबीआई जांच का दिया हवाला

टिहरी गढ़वाल 22 अक्टूबर। चुनाव दर चुनाव हार से कांग्रेस हताश है और अब लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल उठाकर देश में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस जनता के जनादेश को स्वीकार करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगा रही है और एसआईआर को लेकर भ्रम फैला रही है। यह आरोप भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने नई टिहरी स्थित भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान लगाए।

परिहार ने कांग्रेस की न्याय यात्रा पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ’ अभियान के माध्यम से जनता के बीच जाकर विपक्ष के आरोपों का जवाब देगी। कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक राजनीतिक दल को विरोध करने का अधिकार है, लेकिन विरोध के नाम पर संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाना और जनता के जनादेश को स्वीकार नहीं करना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल देशभर में भ्रम फैला रहे हैं। उनके अनुसार, मतदाता सूची से नाम हटने के मामलों में मृत मतदाताओं, स्थान परिवर्तन और अन्य विसंगतियों जैसे कारण भी शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 की व्यवस्था भी उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि भाजपा ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्राएं निकालेगी और प्रबुद्धजनों के साथ गोष्ठियां आयोजित कर जनता को एसआईआर की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देगी। पार्टी का उद्देश्य कांग्रेस पर भ्रम, झूठ और अफवाहों की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए लोगों के बीच अपना पक्ष रखना है।
कांग्रेस की न्याय यात्रा पर भी साधा निशाना
कांग्रेस की न्याय यात्रा को लेकर पूछे गए सवाल पर परिहार ने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने शासनकाल में हुए कथित भ्रष्टाचार का जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव के समय धार्मिक प्रतीकों और मंदिरों का सहारा लेती है, जबकि उसकी राजनीति एक विशेष वर्ग के वोट बैंक पर केंद्रित रहती है। उन्होंने इसे तुष्टीकरण की राजनीति बताते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर भाजपा को अवसर दिया है।
परिहार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा सरकार सुदूरवर्ती क्षेत्रों तक विकास पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उनके अनुसार, भाजपा जनता का विश्वास अर्जित करने में सफल रही है और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को मजबूत करने के साथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।
*अंकिता भंडारी प्रकरण पर सीबीआई जांच का किया उल्लेख*
अंकिता भंडारी प्रकरण पर पूछे गए सवाल के जवाब में परिहार ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए अंकिता को उत्तराखंड की बेटी और अपनी बहन बताया। उन्होंने कहा कि घटना के बाद मुख्यमंत्री ने एसआईटी गठित की थी और जांच के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। उन्होंने यह भी कहा कि अंकिता के माता-पिता की मांग पर मुख्यमंत्री ने सीबीआई जांच की मांग स्वीकार करते हुए मामला सीबीआई को सौंपा है।
परिहार ने कहा कि इस प्रकरण में जांच एजेंसी को अपना काम करने देना चाहिए। उन्होंने विपक्ष पर इस मामले को राजनीतिक मुद्दा बनाने का आरोप भी लगाया।
इस दौरान भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) फणींद्र नाथ शर्मा और महामंत्री कुंदन परिहार का नई टिहरी पहुंचने पर भाजपा जिलाध्यक्ष उदय सिंह रावत, विधायक किशोर उपाध्याय, जड़ी-बूटी सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण, जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, राज्य मंत्री खेम सिंह चौहान, राज्य मंत्री जोत सिंह बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख जाखनीधार राजेश नौटियाल, नलिन भट्ट , मीडिया प्रभारी राजेन्द्र डोभाल, सभासद विजय कठैत, सहित भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!