डायलिसिस सुविधा, रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती और सीएचसी कंडीसौड़ में अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराने की मांग
टिहरी गढ़वाल, 23 अक्टूबर। जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, स्वच्छता और पेयजल संबंधी समस्याएं प्रमुखता से उठीं। जिला पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं सदन के सामने रखते हुए उनके समाधान और विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग की।
बैठक में जिला अस्पताल टिहरी में डायलिसिस सुविधा शुरू करने, जनपद में जन औषधि केंद्र खोलने, रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती और टेलीमेडिसिन सेवाओं का विस्तार करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए। इस पर प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने रेडियोलॉजिस्ट की उपलब्धता, शासन की गाइडलाइन और इस संबंध में शासन स्तर पर की गई प्रक्रिया की जानकारी सदस्यों को दी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न प्रकरणों में हुई कार्रवाई से सदन को अवगत कराया।
जिला पंचायत सदस्य सुनील प्रसाद जुयाल ने प्राथमिक विद्यालय कन्स्युड़ में शिक्षक की नियुक्ति करने की मांग उठाई। उन्होंने मैण्डखाल स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का उच्चीकरण करने, बंगियाल-ज्वारना मोटर मार्ग के 2.50 किलोमीटर हिस्से पर डामरीकरण कराने तथा कण्डीसौड़ और मैण्डखाल में कूड़ा डंपिंग जोन स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं के अभाव में क्षेत्रीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र रागड़ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कण्डीसौड़ में अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराने और थौलधार क्षेत्र में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 108 एंबुलेंस की व्यवस्था करने की मांग की। सदस्यों ने ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
बैठक में जन्म प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया को लेकर भी जानकारी मांगी गई। इस पर सीएमओ डॉ. राम प्रकाश ने सदन को बताया कि जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित वर्तमान में कोई प्रकरण लंबित नहीं है। वहीं, खोलगढ़ माजफ में एएनएम सेंटर खोले जाने की पूर्व में उठाई गई मांग पर उन्होंने बताया कि संबंधित केंद्र वर्तमान में उपकेंद्र के रूप में संचालित हो रहा है।
बैठक में सदस्यों ने क्षेत्रीय समस्याओं के समयबद्ध समाधान, ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और प्रस्तावित विकास कार्यों पर आवश्यक कार्रवाई करने की जरूरत बताई।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, ब्लॉक प्रमुख चंबा सुमन सजवाण, जिला पंचायत सदस्य और विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।




