40 सवालों के देने होंगे जवाब, सभी विभागों को कर्मचारियों की स्व-गणना कराने के निर्देश
टिहरी गढ़वाल 30 अक्टूबर। जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। यह निर्देश मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने शुक्रवार को विकास भवन में आयोजित बैठक में दिए।
उन्होंने बताया कि 16 से 30 नवंबर 2026 तक नागरिक ऑनलाइन माध्यम से स्व-गणना कर सकेंगे। इसके लिए आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर परिवार से संबंधित 40 सवालों के जवाब दर्ज करने होंगे। प्रक्रिया पूरी होने पर एक विशिष्ट स्व-गणना आईडी (SE ID) मिलेगी, जिसे घर-घर जनगणना के दौरान गणनाकार को उपलब्ध कराना होगा।
सीडीओ ने सभी विभागाध्यक्षों को सरकारी, उपनल और आउटसोर्स कर्मचारियों की स्व-गणना अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों, नगर निकायों और ग्राम पंचायतों के माध्यम से आमजन को जागरूक करने तथा प्रचार-प्रसार अभियान चलाने को कहा। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 15 नवंबर तक परीक्षण पोर्टल पर स्व-गणना का अभ्यास करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने बताया कि स्व-गणना के बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनगणना की जाएगी। बैठक में एडीईएसटीओ धारा सिंह ने पीपीटी के माध्यम से स्व-गणना की प्रक्रिया की जानकारी दी। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




