आपदा से निपटने के लिए छात्र-छात्राओं को दिया खोज-बचाव और प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 8 अक्टूबर। जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) टिहरी गढ़वाल की ओर से गुरुवार को जाखणीधार ब्लॉक क्षेत्र के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, चंद्रबदनी नैखरी में आपदा प्रबंधन एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और महाविद्यालय स्टाफ को आपदा से पहले, दौरान और बाद में बरती जाने वाली सावधानियों के साथ ही खोज-बचाव, प्राथमिक उपचार और जीवन रक्षक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया।
DDMA के मास्टर ट्रेनर अनिल सकलानी ने विभिन्न प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं की जानकारी देते हुए आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से बचाव कार्य करने के तौर-तरीके बताए। उन्होंने भूकंप, बाढ़ एवं जलभराव, घरेलू आग तथा जंगल की आग के दौरान क्या करें और क्या न करें, इसकी जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान CPR देने की विधि, अत्यधिक रक्तस्राव को रोकने की तकनीक, स्थानीय संसाधनों से स्ट्रेचर तैयार करने तथा घायलों को सुरक्षित तरीके से उठाकर ले जाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। खोज एवं बचाव कार्यों में उपयोग होने वाले बेसिक उपकरणों और आवश्यक गांठों की जानकारी भी दी गई। इसके अलावा आपातकालीन टोल-फ्री नंबरों की जानकारी देते हुए भूदेव ऐप डाउनलोड एवं उसके उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महंथ मौर्य सहित डॉ. दमाधर दीक्षित, डॉ. जी.पी. कमलियाल, डॉ. सौम्या कबटियाल, डॉ. मोहित उप्रेती, डॉ. सुरेश भट्ट, डॉ. वेदनी सिंह, डॉ. पूनम, डॉ. चंदन, डॉ. प्रदीप चौधरी सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!