समस्त सरकारी कार्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में विविध कार्यक्रम, श्रद्धांजलि के साथ आदर्शों को जीवन में उतारने का लिया संकल्प
टिहरी गढ़वाल 2 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को जनपदभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संस्थाओं में दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया गया।
कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने गांधी और शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा अधिकारियों-कर्मचारियों को अहिंसा दिवस की शपथ दिलाई। इस दौरान रामधुन का गायन भी हुआ।
डीएम ने कहा कि गांधी जी का सत्य, अहिंसा और स्वच्छता का संदेश तथा शास्त्री जी की सादगी, ईमानदारी और ‘जय जवान, जय किसान’ का विचार आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों के आदर्शों को व्यवहार में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।
एडीएम शैलेन्द्र सिंह नेगी ने भी दोनों महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर सेवा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान भी चलाए गए, जिनमें अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।




