टिहरी गढ़वाल 26 अक्टूबर। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की टिहरी और कोटेश्वर परियोजनाओं में सोमवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का शुभारंभ किया गया। इस वर्ष सप्ताह की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रखी गई है। एक नवंबर तक चलने वाले इस कार्यक्रम के तहत कार्मिकों को ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के प्रति जागरूक किया जाएगा।
टिहरी परियोजना में महाप्रबंधक (पुनर्वास समन्वय) विजय सहगल ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता की शपथ दिलाई, जबकि कोटेश्वर परियोजना में अपर महाप्रबंधक (ओएंडएम) दिनेश चौहान ने कार्मिकों को शपथ दिलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विजय सहगल ने कहा कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि अपने कार्यों, निर्णयों और व्यवहार का आत्ममंथन करने का महत्वपूर्ण अवसर है। प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार देश की आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति में गंभीर बाधा है। इसके उन्मूलन के लिए केवल सतर्कता विभाग की सक्रियता पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए जवाबदेही सुनिश्चित करनी होगी।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष की थीम संस्थानों और समाज की प्रगति में नैतिक मूल्यों, पारदर्शी कार्यप्रणाली तथा भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता के महत्व को रेखांकित करती है। सतर्कता जागरूकता सप्ताह प्रतिवर्ष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर के अवसर पर मनाया जाता है।
सप्ताह के दौरान कार्मिकों के लिए निबंध एवं नारा लेखन प्रतियोगिताएं, सतर्कता जागरूकता रैली और ‘सतर्कता हमारी साझा जिम्मेदारी’ विषय पर धर्मगुरु का व्याख्यान आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा सतर्कता विभाग की ओर से सीडीए नियमों तथा सतर्कता जांच के दौरान सामने आई विभिन्न अनियमितताओं पर प्रस्तुति दी जाएगी।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक (पीएसपी) एसके शाहू, महाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा) एपी बाजपेई, महाप्रबंधक (पीएसडी) संजय महर, अपर महाप्रबंधक भगत सिंह, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) मोहन सिंह श्रीस्वाल, वरिष्ठ प्रबंधक (सतर्कता) जेपी चमोली, प्रबंधक (जनसंपर्क) मनबीर सिंह नेगी, प्रबंधक दीपक उनियाल, कोटेश्वर के प्रबंधक गिरीश उनियाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
टीएचडीसी की टिहरी और कोटेश्वर परियोजनाओं में सतर्कता जागरूकता सप्ताह शुरू

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



