मेडिकल कॉलेज निर्माण आंदोलन को नागरिक मंच का समर्थन, जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील

Govind Pundir
4 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 1 नवम्ब। नागरिक मंच की मासिक बैठक शनिवार को बौराड़ी स्थित सामुदायिक मिलन केंद्र में अध्यक्ष सुंदरलाल उनियाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का संचालन मंच के महामंत्री जगजीत सिंह नेगी एडवोकेट ने किया। बैठक में टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण आंदोलन को समर्थन देने सहित शहर की विभिन्न जनसमस्याओं से जुड़े सात प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
बैठक में टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति को समर्थन देने वाले सभी सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक संगठनों का आभार व्यक्त किया गया। मंच ने कहा कि वर्ष 2006 से टिहरी बांध विस्थापितों एवं प्रभावितों तथा पुनर्वासित नगर के विकास के लिए नागरिक मंच लगातार संघर्षरत है। मेडिकल कॉलेज निर्माण भी मंच की प्रमुख मांगों में शामिल है। इस मांग को लेकर भाजपा के प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य जीत राम भट्ट द्वारा 93 दिनों से सत्याग्रह एवं क्रमिक अनशन में सक्रिय भागीदारी निभाने पर उनका विशेष आभार जताया गया।
मंच ने जनपद के पूर्व एवं वर्तमान जनप्रतिनिधियों की मेडिकल कॉलेज निर्माण आंदोलन से दूरी बनाए रखने को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए सभी विधायकों, जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत, नगर पालिका एवं नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों से इस जनहित के मुद्दे पर सहयोग की अपील की। जिला पंचायत टिहरी गढ़वाल द्वारा मेडिकल कॉलेज निर्माण के समर्थन में प्रस्ताव पारित कर शासन को भेजने पर जिला पंचायत का आभार भी व्यक्त किया गया।
बैठक में जिला चिकित्सालय बौराड़ी में लंबे समय से बंद पड़े जन औषधि केंद्र को दोबारा शुरू करने की मांग उठाई गई, ताकि आम लोगों को सस्ती दरों पर दवाइयां उपलब्ध हो सकें। वहीं, नई टिहरी के ऑफिस कॉम्प्लेक्स सहित आबादी वाले क्षेत्रों में बंदरों के बढ़ते आतंक और आवारा कुत्तों की समस्या पर चिंता जताते हुए प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।
इसके अलावा परिवहन कार्यालय के लिए चयनित भूमि को परिवहन विभाग के नाम निशुल्क हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर भवन निर्माण शुरू कराने, मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप रीह-घुट्टू-नई टिहरी ग्रेविटी पेयजल योजना का निर्माण जल्द शुरू करने तथा बोराड़ी स्टेडियम के वर्ष 2016-17 से लंबित विस्तारीकरण कार्य को पूरा करने की मांग की गई।
पेयजल व्यवस्था पर चर्चा करते हुए मंच ने कोटेश्वर झील से नई पंपिंग योजना बनाए जाने संबंधी जल संस्थान के प्रस्ताव का विरोध किया। मंच ने इसके स्थान पर मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप ग्रेविटी पेयजल योजना को प्राथमिकता देने की मांग की। साथ ही जल संस्थान के पत्र संख्या 78 दिनांक 10 अप्रैल 2026 के माध्यम से जिलाधिकारी को भेजे गए निशुल्क पेयजल संबंधी प्रस्ताव पर शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया।
मंच ने मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप बौराड़ी गांव के 41 परिवारों को भवन निर्माण सहायता राशि का भुगतान जल्द करने की मांग भी उठाई।
बैठक में मंच के उपाध्यक्ष चतर सिंह चौहान, संगठन मंत्री किशोरी लाल चमोली, संरक्षक चंडी प्रसाद डबराल, कोषाध्यक्ष नरोत्तम जख्मोला, उम्मेद सिंह रावत एडवोकेट, गुरु दत्त डोभाल, हरिप्रसाद विश्वकर्मा, महावीर प्रसाद भट्ट एडवोकेट, मान सिंह बिष्ट, महिपाल सिंह सजवाण, कर्म सिंह तोपवाल, भगवान देई, सफर सिंह नेगी, आशा तोपवाल, सुबदा चौहान, भारत सिंह रावत, सूर्यमणि भट्ट, प्रीति चौहान और आनंद सिंह तोपवाल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!