टिहरी गढ़वाल 1 नवम्बर। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस को भव्य एवं उत्साहपूर्वक मनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 9 नवंबर को जनपद मुख्यालय सहित सभी तहसीलों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान राज्य निर्माण आंदोलनकारियों को सम्मानित करने के साथ ही विभागीय योजनाओं के स्टॉल लगाकर आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
राज्य स्थापना दिवस की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में शनिवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रमों की रूपरेखा के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक तहसील में सुबह 11 बजे कार्यक्रम आयोजित कर राज्य आंदोलनकारियों को आमंत्रित एवं सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए उपजिलाधिकारियों को आंदोलनकारियों से समन्वय स्थापित करने और उन्हें निमंत्रण पत्र भेजने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रमों के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र लोगों को मौके पर लाभान्वित किया जाएगा। श्रम विभाग को पात्र श्रमिकों को श्रमिक किट वितरित करने के निर्देश भी दिए गए।
राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 6 नवंबर को विभिन्न स्थानों पर प्रभात फेरी निकाली जाएगी। शिक्षा विभाग की ओर से स्लोगन एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इनके विजेताओं को 9 नवंबर को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा 6 और 7 नवंबर को युवा महोत्सव का आयोजन होगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस उत्तराखंड राज्य निर्माण के संघर्ष और आंदोलनकारियों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कार्यक्रमों में अधिकाधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के साथ ही उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और उपलब्धियों को प्रमुखता से प्रदर्शित करने पर जोर दिया।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, राज्य आंदोलनकारी डॉ. राकेश भूषण गोदियाल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।




