टिहरी गढ़वाल 20 नवंबर। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने 22 नवंबर से 02 दिसंबर तक आयोजित होने वाले चंबा महोत्सव की तैयारियों को लेकर बादशाहीथौल स्थित मेला स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं मेला समिति को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विद्युत आपूर्ति, पेयजल, मोबाइल शौचालय, साफ-सफाई और संपर्क मार्ग को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। मेला समिति की मांग पर उन्होंने पेयजल टैंकर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही वन विभाग को मेला स्थल पर कार्मिकों की नियमित ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए।
मेला स्थल पर बने पुराने मंच को हटाने की मांग पर जिलाधिकारी ने समिति से विधिवत आवेदन देने को कहा। इसके बाद संबंधित विभागों की संयुक्त टीम निरीक्षण कर रिपोर्ट देगी। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
महोत्सव में स्थानीय एवं बाहरी क्षेत्रों के लोक कलाकारों और गायकों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। जिलाधिकारी ने स्थानीय लोगों से महोत्सव में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन लोक संस्कृति और प्रतिभाओं को मंच देने के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा देते हैं।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, दुग्ध संघ अध्यक्ष सुशील रावत सहित मेला समिति के पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



