देहरादून से घुत्तू के बीच शुरू हुई बस सेवा, भिलंगना घाटी के ग्रामीणों और वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगी सुविधा
घनसाली से लोकेंद्र जोशी
टिहरी गढ़वाल, 20 नवंबर। भिलंगना घाटी के लोगों को परिवहन सुविधा की दिशा में एक और सौगात मिली है। क्षेत्रीय विधायक शक्तिलाल शाह के प्रयासों से उत्तराखंड परिवहन निगम की देहरादून से घुत्तू के लिए नई रोडवेज बस सेवा शुरू हो गई है। शुक्रवार को देहरादून से घनसाली पहुंची बस का नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह बिष्ट सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने स्वागत किया।
इस दौरान बस चालक और परिचालक का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह बिष्ट ने जनसमूह की मौजूदगी में बस को हरी झंडी दिखाकर घनसाली से घुत्तू के लिए रवाना किया। बस के धोपड़धार पहुंचने पर जिला पंचायत सदस्य के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने भी फूल-मालाओं से स्वागत कर खुशी जताई।
नई बस सेवा शुरू होने से घनसाली, घुत्तू और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को देहरादून आने-जाने में सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों को रोडवेज बस में यात्रा करने के साथ किराये में मिलने वाली छूट का लाभ भी मिल सकेगा। स्थानीय लोगों ने इस सेवा को क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए विधायक शक्तिलाल शाह का आभार जताया।
नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह बिष्ट के अनुसार बस देहरादून से प्रतिदिन सुबह 8 बजे रवाना होकर चंबा, कोटी कॉलोनी होते हुए घनसाली पहुंचेगी। इसके बाद अपराह्न 3 बजे घनसाली से घुत्तू के लिए प्रस्थान करेगी। बस का रात्रि विश्राम घुत्तू में होगा और अगले दिन सुबह 8 बजे घुत्तू से देहरादून के लिए वापसी करेगी।
इस मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष बड़ौनी, सभासद गोविंद प्रसाद बड़ोनी सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।




