यूकेडी ने टिहरी में राहुल कोटियाल को सौंपी कमान, डीडी पंत लड़ेंगे विधानसभा चुनाव

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

संजीव भट्ट को टिहरी विधानसभा चुनाव की जिम्मेदारी, मूल निवास, भू-कानून, बेरोजगारी और अंकिता भंडारी प्रकरण को बनाएंगे प्रमुख चुनावी मुद्दे

टिहरी गढ़वाल। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने टिहरी में संगठनात्मक बदलाव करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

निवर्तमान जिलाध्यक्ष डीडी पंत ने बताया कि उन्हें विधानसभा टिहरी से चुनाव लड़ने के लिए पार्टी का टिकट मिलने के बाद जिलाध्यक्ष पद से उन्होंने इस्तीफा दे दिया है। उनके स्थान पर राहुल कोटियाल ने आज नए जिलाध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाल लिया।
पार्टी की प्रेसवार्ता में पंत ने बताया कि टिहरी विधानसभा क्षेत्र के लिए संजीव भट्ट को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। वे विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के चुनाव अभियान और संगठनात्मक गतिविधियों का संचालन करेंगे।

प्रेसवार्ता में यूकेडी के नव नियुक्त अध्यक्ष राहुल कोटियाल ने कहा कि आगामी चुनाव में पार्टी प्रदेश की भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली को प्रमुखता से मुद्दा बनाएगी। उत्तराखंड की संस्कृति एवं पहचान का संरक्षण, मूल निवास और सशक्त भू-कानून, बेरोजगारी तथा प्रदेश से बाहर जा रहे रोजगार के अवसर पार्टी के प्रमुख मुद्दे होंगे। इसके साथ ही अंकिता भंडारी प्रकरण सहित प्रदेश से जुड़े अन्य जनहित के मुद्दों को भी चुनाव में उठाया जाएगा।
नेताओं ने कहा कि पार्टी की कोशिश गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत कर आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करने की है। आगामी विधानसभा चुनाव में यूकेडी अपने मुद्दों और संगठनात्मक ताकत के आधार पर चुनाव मैदान में उतरेगी। पार्टी ने चुनाव में बहुमत हासिल करने का लक्ष्य भी व्यक्त किया।
प्रेसवार्ता में निवर्तमान जिलाध्यक्ष एवं टिहरी विधानसभा के संभावित प्रत्याशी डीडी पंत, नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राहुल कोटियाल तथा टिहरी विधानसभा चुनाव प्रभारी संजीव भट्ट, विक्रम सिंह पंवार आदि मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!