काशीपुर, 15 अगस्त। राधे हरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, काशीपुर में 80 वाँ स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. सुमिता श्रीवास्तव द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके पश्चात एनसीसी कैडेट्स ने डॉ. आकाश चंद्र मिश्रा एवं डॉ. रूपा आर्या के नेतृत्व में अनुशासित एवं गरिमापूर्ण ढंग से ध्वज को सलामी दी।
कार्यक्रम के अगले चरण में निदेशक का संदेश डॉ. नीरज शुक्ला द्वारा पढ़कर सुनाया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत भव्य झांकी प्रस्तुत की गई। झांकी में स्वतंत्रता संग्राम के अमर क्रांतिकारियों एवं वीरांगनाओं अशफाक उल्ला खान, शहीद भगत सिंह, रानी लक्ष्मीबाई एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन, संघर्ष और राष्ट्रप्रेम को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमुदाय में देशभक्ति की भावना का संचार किया।
झांकी के पश्चात छात्राओं द्वारा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिसमें आधुनिक एवं जागरूक नारी तथा सशक्त महिला की छवि को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों एवं एनसीसी कैडेट्स द्वारा आईटीआई थाना की ओर देशभक्ति रैली निकाली गई। रैली के दौरान वीर शहीदों के जीवन एवं उनके बलिदान को प्रदर्शित करने वाली प्रस्तुतियों के माध्यम से आमजन को राष्ट्रभक्ति और देश के प्रति कर्तव्य का संदेश दिया गया।
रैली के उपरांत महाविद्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. सुमिता श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के महत्व, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका तथा देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है और प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र की प्रगति में अपना योगदान देना चाहिए।
सांस्कृतिक समिति की समन्वयक डॉ. पद्मा वशिष्ठ ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान से प्रेरणा लेने तथा भारतीय संस्कृति एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं उपस्थित सभी प्रतिभागियों को जलपान वितरित किया गया। संपूर्ण आयोजन ने महाविद्यालय परिसर को देशभक्ति, उत्साह और राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।





