बौराड़ी व्यापार मंडल ने मेडिकल कॉलेज निर्माण आंदोलन को दिया पूर्ण समर्थन, 24 घंटे के धरने पर बैठे व्यापारी

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 17 अगस्त। टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर चल रहे आंदोलन को विभिन्न संगठनों और व्यापारियों का समर्थन लगातार मिल रहा है। मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर सोमवार को व्यापार मंडल बोराड़ी इकाई की ओर से धरना स्थल पर 24 घंटे का धरना शुरू किया गया।


पूर्व कनिष्ठ प्रमुख कुलदीप पंवार ने बताया कि धरने में शामिल व्यापारियों ने एकमत होकर टिहरी में मेडिकल कॉलेज के निर्माण की मांग का समर्थन करते हुए संघर्ष समिति को अपना पूर्ण सहयोग देने की बात कही। व्यापारियों ने कहा कि टिहरी जिले में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही है। मेडिकल कॉलेज की स्थापना होने से जिले के लोगों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी और मरीजों को उपचार के लिए देहरादून अथवा अन्य मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने की मजबूरी कम होगी।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और सदस्यों ने कहा कि मेडिकल कॉलेज केवल स्वास्थ्य सुविधाओं तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह टिहरी के भविष्य, युवाओं के रोजगार, स्थानीय अर्थव्यवस्था और क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेते हुए आंदोलनकारियों की भावनाओं का सम्मान किया जाए।
धरने पर बैठे व्यापारियों ने कहा कि जब तक मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर ठोस पहल नहीं होती, तब तक क्षेत्र की जनता और विभिन्न संगठन लोकतांत्रिक तरीके से अपना संघर्ष जारी रखेंगे। व्यापारियों ने संघर्ष समिति के आगामी कार्यक्रमों में भी सहयोग देने की बात कही।
24 घंटे के धरने में बैठने वालों में श्री गंगाधर चमोली, अमरीश पाल, बलबीर सिंह तोपवाल, मनोज शाह, शिवराज सजवाण, संदीप रावत, शीशपाल रावत, प्रमोद पंवार, जीतराम भट्ट (सत्याग्रही) आनंद सिंह चौहान, श्रीमती सोनी सजवाण, सुरेंद्र घई शामिल हैं।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!