शिक्षक दिवस पर डॉ. राधाकृष्णन के आदर्शों को आत्मसात करने का लिया संकल्प

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 5 सितम्बर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नई टिहरी में भारत के महान दार्शनिक, शिक्षाविद एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. प्रीति कुमारी ने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन का जीवन और उनके विचार प्रत्येक शिक्षक के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने शिक्षा को केवल ज्ञान अर्जन का माध्यम न मानकर चरित्र निर्माण और राष्ट्र के विकास का आधार माना। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का दायित्व विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ नैतिक, मानवीय एवं सामाजिक मूल्यों से जोड़ना भी है।
प्राचार्य ने प्राध्यापकों से शिक्षण कार्य के प्रति समर्पण, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्राध्यापकों ने डॉ. राधाकृष्णन के शिक्षा एवं दर्शन के क्षेत्र में योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय दर्शन और शिक्षा को वैश्विक स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाई।
कार्यक्रम के अंत में प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने डॉ. राधाकृष्णन के आदर्शों को अपने जीवन एवं शिक्षण कार्य में आत्मसात करने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!