टिहरी गढ़वाल । भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की सदस्य बनाए जाने पर अवंतिका भंडारी ने प्रदेश एवं जिला नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन किया जाएगा। सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और पार्टी की रीति-नीति को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया जाएगा।
रविवार को बौराड़ी में आयोजित पत्रकार वार्ता में नवनियुक्त भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की सदस्य अवंतिका भंडारी ने कहा कि वह लंबे समय से आरएसएस के अनुशांगिक संगठन सहकार भारती से लेकर पहाड़ की पुकार के माध्यम से सामाजिक एवं जनसरोकारों से जुड़े विषयों पर काम कर रही हैं।उन्होंने कहा कि संगठन ने उन्हें जो नई जिम्मेदारी दी है,उसके माध्यम से जनसेवा और संगठन को मजबूत करने के कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा।उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से विभिन्न वर्गों के हित में अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।इन योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और योजनाओं के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए कार्य किया जाएगा। साथ ही भाजपा की रीति-नीति और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर अभियान चलाया जाएगा।
अवंतिका भंडारी ने कहा कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र से वह भी दावेदार है,यदि पार्टी उनके नाम पर विचार करती है,तो मजबूती से चुनाव लडा जाएगा।साथ ही भाजपा जिस भी व्यक्ति को टिकट देगी उसे जीत के लिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करेंगे।उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास से प्रतापनगर में भाजपा को मजबूती मिलेगी।उन्होंने पार्टी के प्रदेश एवं जिला नेतृत्व तथा सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
इस मौके पर सभासद विनीत उनियाल,आरती , कुसुम सलोनी, अजंलि कटियाल आदि उपस्थित थे।




