सेंदुल में लाखों के जेवरात और 50 हजार की नकदी चोरी, डेढ़ माह बाद भी चोर पुलिस की पकड़ से दूर
टिहरी गढ़वाल। थाना घनसाली क्षेत्र के सेंदुल गांव में घर के ताले तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और करीब 50 हजार रुपये की नकदी चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना को करीब डेढ़ माह बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है।
पीड़ित द्वारिका प्रसाद मैठाणी का आरोप है कि चोर घर के ताले तोड़कर अंदर घुसे और आभूषण व नकदी लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना पुलिस को देने के बाद जांच शुरू हुई, लेकिन अब तक चोरी का खुलासा नहीं हो सका है।
पीड़ित ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक और जांच के संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद चोरों तक नहीं पहुंच पाना चिंता का विषय है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले का जल्द खुलासा, आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
डेढ़ माह से लंबित चोरी की इस घटना को लेकर ग्रामीणों में भी नाराजगी और असुरक्षा की भावना है।




