लोहे की रॉड बरामद, गंभीर चोट पहुंचाने का आरोप; पुलिस ने न्यायालय में पेशी की कार्रवाई शुरू की
टिहरी गढ़वाल। घनसाली थाना क्षेत्र के अखोड़ी गांव में मारपीट के मामले में पुलिस ने नामजद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक 24 सितंबर को अखोड़ी निवासी मनमोहन सिंह ने तहरीर देकर गांव के जयेन्द्र और उसके परिजनों पर उनके भाई शूरवीर सिंह, पुत्र दलवीर सिंह और परिजन रामचन्द्र के साथ मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाने का आरोप लगाया था। तहरीर के आधार पर घनसाली थाने में मुकदमा संख्या 65/2026 दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 26 सितंबर को नामजद जयेन्द्र पुत्र मनमोहन सिंह, मनमोहन सिंह पुत्र फतेह सिंह और जसबीर सिंह पुत्र आनंद सिंह, निवासी पट्टी हिंदाव, घनसाली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अनिल भट्ट, कांस्टेबल गौरव और कांस्टेबल साहिल शामिल रहे।




