सड़क हादसों में त्वरित मदद के लिए पुलिस कर्मियों को दिया प्रशिक्षण

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

IRAD/eDAR और PM-RAHAT योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
टिहरी गढ़वाल । सड़क दुर्घटनाओं की त्वरित रोकथाम, हादसा पीड़ितों को समयबद्ध सहायता तथा डिजिटल डेटा प्रबंधन को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस लाइन में पुलिस कर्मियों के लिए विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के दिशा-निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण में IRAD/eDAR पोर्टल और PM-RAHAT योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में DRM iRAD रविंद्र सिंह चौहान ने पुलिस कर्मियों को Integrated Road Accident Database (IRAD) पोर्टल पर सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित सूचनाएं ऑनलाइन दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि IRAD के माध्यम से पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग और परिवहन विभाग के बीच डिजिटल समन्वय स्थापित किया जाता है। इससे सड़क, वाहन और दुर्घटना पीड़ित से संबंधित जांच एवं रिपोर्ट की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और त्वरित बनाया जा सकता है।
प्रशिक्षण में eDAR (Electronic Detailed Accident Report) के माध्यम से दुर्घटना मामलों की डिजिटल रिपोर्टिंग और संबंधित विभागों के साथ सूचनाओं के आदान-प्रदान पर भी जानकारी दी गई। दुर्घटना की जांच, वाहन संबंधी विवरण, पीड़ित की चिकित्सकीय स्थिति तथा अन्य आवश्यक रिपोर्टों को डिजिटल माध्यम से संबंधित विभागों तक पहुंचाने की प्रक्रिया समझाई गई।
गोल्डन ऑवर में इलाज पर जोर
PM-RAHAT योजना के तहत सड़क दुर्घटना पीड़ितों को गोल्डन ऑवर में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षण में बताया गया कि योजना के तहत पात्र सड़क दुर्घटना पीड़ितों को ₹1.5 लाख तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाता है। दुर्घटना के बाद शुरुआती महत्वपूर्ण समय में बिना अग्रिम भुगतान के उपचार शुरू कराने में पुलिस की भूमिका और अस्पतालों के साथ समन्वय को महत्वपूर्ण बताया गया।
बताया गया कि पुलिस और अस्पतालों के बीच eDAR और TMS 2.0 (Transaction Management System) के माध्यम से डिजिटल समन्वय किया जाता है, जिससे सत्यापन और उपचार की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके। अस्पतालों को उपचार का भुगतान मोटर वाहन दुर्घटना फंड के माध्यम से किए जाने की व्यवस्था है।
प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस कर्मियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने के साथ ही सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में त्वरित कार्रवाई, बेहतर विभागीय समन्वय और पीड़ितों को समय पर सहायता सुनिश्चित करना रहा।
प्रशिक्षण में एसआई राजेंद्र कुमार, सुनील कुमार, विनय शर्मा, एसआई सुषमा रावत, एएसआई महाबीर सिंह रावत, दीपक सिंह पंवार, साक्षी रावत, प्रियंका देवी, कांस्टेबल कल्पना चौहान, बबीता डोभाल आदि मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!