हरिद्वार, 5 अक्टूबर 2026। कुंभ मेला-2027 में सफाई एवं सेनिटेशन व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए शासन और मेला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सचिव शहरी विकास नितेश कुमार झा ने मेला नियंत्रण भवन में कुंभ क्षेत्र के नगर निकायों, जिला पंचायतों और पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर एकीकृत सेनिटेशन कार्ययोजना पर चर्चा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को अपनी विस्तृत कार्ययोजना एक सप्ताह में अंतिम रूप देकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
कुंभ क्षेत्र के 32 सेक्टरों में 13,865 टॉयलेट सीट, 8,065 एफआरपी मूत्रालय और 4,840 डस्टबिन स्थापित किए जाने की तैयारी है। सफाई व्यवस्था के लिए 493 वाहनों का उपयोग किया जाएगा, जबकि सीवरेज निस्तारण के लिए 6 एफएसटीपी और सेक्टर एमटीएफ की व्यवस्था प्रस्तावित है।
सचिव ने कहा कि सफाई एवं सेनिटेशन व्यवस्था की ऑनलाइन मॉनिटरिंग के लिए सभी संबंधित नगर निकायों और जिला पंचायतों को शहरी विकास विभाग के डैशबोर्ड पर मैप किया जाएगा। उन्होंने दिसंबर की शुरुआत से पर्याप्त सफाई कर्मियों की तैनाती और उन्हें रसायनों व उपकरणों के सुरक्षित उपयोग का प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए।
एकीकृत सेनिटेशन योजना के क्रियान्वयन और समन्वय के लिए नगर आयुक्त हरिद्वार नंदन कुमार को समन्वय अधिकारी बनाया गया है। बैठक के बाद सचिव ने सर्वानंद घाट से लगे मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर प्रस्तावित व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
कुंभ मेला-2027 में सफाई व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारी

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



