शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद और प्रशासनिक गतिविधियों का किया गया विस्तृत निरीक्ष
टिहरी गढ़वाल 9 अक्टूबर। जौनपुर विकासखंड के सकलाना क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज मरोड़ा में दो दिवसीय नामिक निरीक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हो गया। निरीक्षण के दौरान टीम ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों, प्रार्थना सभा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेलकूद, अनुशासन और कार्यालयी व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण टीम के विद्यालय पहुंचने पर छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद टीम ने विद्यालय में संचालित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन कर व्यवस्थाओं का आकलन किया।
निरीक्षण पैनल में राजकीय इंटर कॉलेज नरेंद्रनगर के प्रधानाचार्य दिनेश कुमार, रानीचौरी के प्रवक्ता मुकेश बहुगुणा, राजकीय इंटर कॉलेज ज्ञानसू के संजीव बडोनी तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज थत्यूड़ के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी विनय भट्ट शामिल रहे।
निरीक्षक मुकेश बहुगुणा ने बताया कि प्रशासनिक स्तर पर चयनित विद्यालय में दो दिवसीय नामिक निरीक्षण के तहत प्रार्थना सभा से लेकर शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद, अनुशासन एवं प्रशासनिक कार्यों का परीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्र में स्थित होने के बावजूद विद्यालय में अच्छा कार्य किया जा रहा है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य बीआर शर्मा ने निरीक्षण टीम का स्वागत करते हुए विद्यालय में संचालित विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने निरीक्षण में सहयोग के लिए समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर अनूप थपलियाल, सुशील कुमार, इंद्र देव वशिष्ठ, मनोज सकलानी, नवीन भारती, राजेंद्र रावत, रामस्वरूप उनियाल, शशि ड्यूडी, इंदू नेगी, राहुल जोशी, अनिल हटवाल और रोहित हटवाल सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




