रिकॉर्ड रूम में प्रिंटर-स्कैनर और इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश, निजी प्रिंटिंग प्रेस में भी दर सूची लगाने को कहा
टिहरी गढ़वाल 15 अक्टूबर। राजकीय अभिलेखागार में व्यवस्थाओं की अनदेखी और पूर्व में दिए गए निर्देशों का पालन न होने पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कड़ी नाराजगी जताई। औचक निरीक्षण के दौरान लापरवाही सामने आने पर उन्होंने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही रिकॉर्ड रूम में प्रिंटर, स्कैनर और इंटरनेट की सुविधा तत्काल उपलब्ध कराने को कहा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अभिलेखागार में रखी विभिन्न पत्रावलियों और दस्तावेजों का अवलोकन किया। उन्होंने नक्शों और अन्य अभिलेखों की प्रतिलिपि लेने पहुंचे ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। ग्रामीणों ने बताया कि दस्तावेजों की प्रतिलिपि प्राप्त करने के लिए उन्हें निजी प्रिंटिंग प्रेस के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
इस पर जिलाधिकारी ने रिकॉर्ड रूम में आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रिंटर, स्कैनर और इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि लोगों को कार्यालय में ही अभिलेखों की स्कैन और प्रिंट की हुई प्रतियां मिल सकें। साथ ही रिकॉर्ड रूम के बाहर स्कैनिंग और प्रिंटिंग के निर्धारित शुल्क की दर सूची स्पष्ट रूप से चस्पा करने को कहा।
जिलाधिकारी ने संबंधित निजी प्रिंटिंग प्रेस का भी निरीक्षण किया। वहां फोटोकॉपी की दर सूची प्रदर्शित नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए प्रत्येक प्रकार की फोटोकॉपी का शुल्क स्पष्ट रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि पूर्व में रिकॉर्ड रूम में प्रिंटर और स्कैनर लगाने के निर्देश दिए जाने के बावजूद उनका अनुपालन नहीं किया गया। निर्देशों की अनदेखी पर कार्रवाई करते हुए जिलाधिकारी ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अभिलेखों की प्रतिलिपि लेने के लिए आने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्हें निर्धारित शुल्क पर कार्यालय में ही आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
निरीक्षण के दौरान वैयक्तिक अधिकारी चंदन शाह, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी डीएस पुंडीर और नाजिर खेम चंद्र कुमाई उपस्थित रहे।




