टिहरी में राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता शुरू, 130 खिलाड़ी दिखा रहे दमखम

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

विधायक किशोर उपाध्याय और डीएम नितिका खंडेलवाल ने किया शुभारंभ, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए होगा खिलाड़ियों का चयन

टिहरी, 17 अक्टूबर। बौराड़ी स्टेडियम में शनिवार को नौवीं राज्य स्तरीय सीनियर बालक-बालिका तीरंदाजी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय और जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने प्रतियोगिता का उद्घाटन कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों और संस्थानों के करीब 130 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। यहां उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन मेघालय के शिलांग में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।
जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में उत्तराखंड तीरंदाजी संघ और जिला खेल कार्यालय टिहरी गढ़वाल की ओर से 17 और 18 अक्टूबर को प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसमें उत्तराखंड पुलिस, गढ़वाल राइफल्स और कुमाऊं रेजिमेंट सहित विभिन्न टीमों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
पहले दिन खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
प्रतियोगिता के पहले दिन रिकर्व बालक, कंपाउंड बालिका और इंडियन राउंड बालक-बालिका वर्ग के मुकाबले आयोजित किए गए। बालिका वर्ग में मानसी ने प्रथम, सनाया भंडारी ने द्वितीय और तोशी जनार्दन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। रिकर्व महिला वर्ग में अनन्या प्रथम, दिव्यांशी भंडारी द्वितीय और कीर्ति नवियाल तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं, इंडियन राउंड बालक वर्ग में अतुल वर्मा ने पहला, आर्यन ने दूसरा और शनि कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया।
विजेता खिलाड़ियों को नगर पालिका परिषद टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत और एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान विधायक किशोर उपाध्याय और जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने भी तीरंदाजी में हाथ आजमाया और खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई की।
उत्तराखंड तीरंदाजी संघ के सचिव राजेंद्र तोमर ने कहा कि प्रदेश में तीरंदाजी को बढ़ावा देने और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। देहरादून के बाद टिहरी में प्रतियोगिता कराई जा रही है। भविष्य में चमोली सहित अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी तीरंदाजी को प्रोत्साहित करने की योजना है।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन रविवार, 18 अक्टूबर को ओलंपिक राउंड के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!