समावेशी शिक्षा के तहत ब्लॉक स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता आयोजित, विभिन्न स्पर्धाओं में बच्चों ने हासिल किए स्थान
टिहरी गढ़वाल 22 अक्टूबर। बौराड़ी स्टेडियम में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की ब्लॉक स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा, आत्मविश्वास और जज्बे का परिचय दिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों को खेल गतिविधियों में समान अवसर उपलब्ध कराने के साथ सामाजिक समावेशन को बढ़ावा देना रहा।
प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा मोहम्मद तस्लीम कुरैशी, जिला समन्वयक समग्र शिक्षा अंजली गौड़, प्रधानाचार्य गब्बर सिंह चौहान एवं गिरीश चंद्र सिंह राणा की उपस्थिति में हुआ। इस दौरान अधिकारियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक मोहम्मद तस्लीम कुरैशी ने कहा कि उत्तराखंड में समावेशी शिक्षा के अंतर्गत विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए एकीकृत खेल कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके तहत 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को खेल गतिविधियों में शामिल कर उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए समान अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्योति पटवाल ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने और सामाजिक समावेशन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बच्चों की भागीदारी और उत्साह की सराहना की।
विभिन्न स्पर्धाओं में बच्चों ने किया शानदार प्रदर्शन
जिला नोडल अधिकारी चक्रधर प्रसाद भद्री के अनुसार, बालक वर्ग की रिले दौड़ में अलमती, अतुल, अयान और रोहित की टीम ने प्रथम तथा हिमांशु, समर आर्य, तनुज और शिवम की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग की रिले दौड़ में सबीना और मुस्कान प्रथम, जबकि सिमरन और सूबाना द्वितीय स्थान पर रहीं।
मिनी फुटबॉल के बालक वर्ग में अयान, तनुज और अतुल ने प्रथम तथा अलमलिक, रोहित और लक्ष्य प्रताप ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सॉफ्टबॉल में अलमलिक प्रथम, आयुष द्वितीय और अतुल तृतीय रहे। बोच्चे खेल में तौसीफ, अलमलिक, अतुल और आयुष ने प्रथम स्थान हासिल किया। मनोरंजक गतिविधि में अलमलिक प्रथम, शिवम द्वितीय और अतुल तृतीय रहे।
व्हीलचेयर पर पहुंचे तौसीफ ने बढ़ाया हौसला
प्रतियोगिता का खास आकर्षण राजकीय प्रताप इंटर कॉलेज, बोराड़ी के छात्र तौसीफ रहे, जिन्होंने व्हीलचेयर पर पहुंचकर सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता में भाग लिया। पहली बार प्रतियोगिता में शामिल होकर तौसीफ काफी खुश नजर आए। उनकी भागीदारी ने यह संदेश दिया कि उचित अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर विशेष आवश्यकता वाले बच्चे भी खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं।
प्रतियोगिता का सफल आयोजन ब्लॉक नोडल अधिकारी राजेंद्र प्रसाद डोभाल, ब्लॉक क्रीड़ा समन्वयक यशपाल सिंह रावत, भरत राम बड़ोनी, नरेश मोहन भट्ट, बिजेंद्र नेगी, अनिल धूलिया, शालिनी भट्ट और अखिलेश गौड़ सहित अन्य सहयोगियों के प्रयासों से संपन्न हुआ।




