राज्य स्थापना दिवस पर टिहरी में होंगे भव्य आयोजन, आंदोलनकारियों का होगा सम्मान

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

9 नवम्बर को जिला मुख्यालय सहित सभी तहसीलों में कार्यक्रम, विभागीय योजनाओं के स्टॉल लगाकर पात्र लोगों को किया जाएगा लाभान्वित

टिहरी गढ़वाल 1 नवम्बर। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस को भव्य एवं उत्साहपूर्वक मनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 9 नवम्बर को जनपद मुख्यालय सहित सभी तहसीलों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित करने के साथ ही विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जाएगा।

राज्य स्थापना दिवस की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में शनिवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि सभी तहसीलों में राज्य आंदोलनकारियों को निमंत्रण पत्र भेजकर कार्यक्रमों में आमंत्रित किया जाएगा। सुबह 11 बजे आयोजित कार्यक्रमों में आंदोलनकारियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए उपजिलाधिकारियों को आंदोलनकारियों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, श्रम विभाग को कार्यक्रमों के दौरान पात्र श्रमिकों को श्रमिक किट वितरित करने को कहा गया।

राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में शिक्षा विभाग की ओर से 6 नवम्बर को विभिन्न स्थानों पर प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी। इसके साथ ही स्लोगन एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 9 नवम्बर को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं, 6 और 7 नवम्बर को युवा महोत्सव का आयोजन भी किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्यक्रम स्थलों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि राज्य स्थापना दिवस उत्तराखंड राज्य निर्माण के संघर्ष और आंदोलनकारियों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के साथ ही प्रदेश की लोक संस्कृति, परंपराओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने पर भी जोर दिया।

बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी डॉ. राकेश भूषण गोदियाल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!