गौ माता और ब्राह्मण पृथ्वी के प्रमुख आधार स्तंभ : महंत शिवानंद गिरी महाराज
पूर्व मंत्री लाखीराम जोशी ने पलायन पर जताई चिंता, गांवों से जुड़े रहने का किया आह्वान; विधायक किशोर उपाध्याय ने व्यासपीठ से लिया आशीर्वाद
टिहरी गढ़वाल । अष्टोत्तरशत श्रीमद्भागवत कथा में कोटेश्वर के महंत शिवानंद गिरी महाराज ने धर्म, संस्कृति और भारतीय परंपराओं के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पृथ्वी सात स्तंभों पर टिकी है, जिनमें गौ माता और ब्राह्मण दो प्रमुख स्तंभ हैं।
उन्होंने कहा कि गौ माता के पुण्य, सत्य और तप से पृथ्वी का एक स्तंभ निर्मित होता है। गायों का पालन-पोषण और संरक्षण भारतीय संस्कृति और जीवन परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने भारतीय नस्ल की गायों की लगभग 54 प्रजातियों का उल्लेख करते हुए उनके संरक्षण पर जोर दिया। कहा कि गौ माता का सम्मान और संरक्षण हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक जिम्मेदारी है।
महंत शिवानंद गिरी महाराज ने ब्राह्मणों को पृथ्वी का दूसरा प्रमुख स्तंभ बताते हुए कहा कि वेदों का अध्ययन, वैदिक धर्म का पालन, साधना और धार्मिक कर्तव्यों का निर्वहन समाज को धर्म एवं संस्कारों से जोड़ता है। ब्राह्मणों की तपस्या और साधना भारतीय आध्यात्मिक परंपरा को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कथा के दौरान टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने भी व्यासपीठ से आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री लाखीराम जोशी ने कथा आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि राजेंद्र प्रसाद चमोली समय-समय पर इस तरह के धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन करते रहते हैं। उन्होंने इसके लिए उन्हें बधाई दी। जोशी ने उत्तराखंड में लगातार बढ़ते पलायन पर चिंता जताते हुए कहा कि राज्य गठन के बाद से पहाड़ के गांवों से लोगों का पलायन जारी है, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने लोगों से अपने गांवों से जुड़े रहने, अपनी जड़ों को न भूलने तथा गांवों की संस्कृति और परंपराओं को बचाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
कथा में पूर्व मंत्री लाखीराम जोशी, टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद रतूड़ी, कोटेश्वर के महंत शिवानंद गिरी महाराज, शीशराम थपलियाल, ललित जोशी, त्रिलोक चंद रमोला, भगवान चंद रमोला, गोविंद पुंडीर, आनंद सिंह तोपवाल, टीकम चौहान, बिजेंद्र चंद रमोला, उर्मिला राणा, केदार सिंह रावत सहित अनेक श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। संचालन श्री सतीश थपलियाल जी द्वारा किया गया।



