भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदेशव्यापी हस्ताक्षर अभियान और न्याय यात्रा

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी मेडिकल कॉलेज को लेकर विधायक विक्रम सिंह नेगी का दावा, 2027 में कांग्रेस सरकार आने पर बनेगा मेडिकल कॉलेज 

 

टिहरी गढ़वाल 14 नवंबर। उत्तराखंड में भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने राजनीतिक मोर्चा खोलते हुए प्रदेशव्यापी हस्ताक्षर अभियान और न्याय यात्रा के जरिए जनता के बीच जाने का ऐलान किया है। कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित मंत्रिमंडल के कुछ सदस्यों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए सरकार को घेरा। पार्टी का कहना है कि जनता के बीच जाकर सरकार की कथित विफलताओं को उजागर किया जाएगा और हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से जनभावनाओं को राज्यपाल तक पहुंचाया जाएगा।

टिहरी में आज जिला कांग्रेस कमेटी के प्रभारी वीरेंद्र पोखरियाल ने पत्रकारों को बताया कि पार्टी की ओर से शुरू किए गए हस्ताक्षर अभियान के तहत प्रदेशभर में लोगों से हस्ताक्षर कराए जा रहे हैं। आगामी 23 तारीख को एकत्रित हस्ताक्षर महामहिम राज्यपाल को सौंपे जाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक पहुंचकर अभियान को गति देने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का आह्वान किया।

टिहरी मेडिकल कॉलेज को लेकर गढ़ निनाद न्यूज द्वारा पूछे गए सवाल पर प्रताप नगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने कहा कि टिहरी की जनता ने देश और प्रदेश के विकास के लिए अपनी जमीन, घर-बार और पुश्तैनी विरासत का बलिदान दिया, लेकिन आज भी जिले की बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं और मेडिकल कॉलेज जैसी महत्वपूर्ण मांग की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने सरकार की उदासीनता पर नाराजगी जताते हुए कहा कि टिहरी की जनता को उसका जायज हक मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि 2027 में कांग्रेस सरकार बनने पर ही टिहरी में मेडिकल कॉलेज का निर्माण प्राथमिकता में रहेगा।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में जनता अनेक समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ स्तर तक जाकर जनता को सरकार की नीतियों एवं कथित विफलताओं से अवगत कराने तथा हस्ताक्षर अभियान को जन आंदोलन का रूप देने की अपील की।

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से त्रस्त है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को प्रचंड बहुमत देकर सत्ता में वापस लाएगी।

इस दौरान जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खण्डवाल, विधायक विक्रम सिंह नेगी, राकेश राणा, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा रावत, नरेंद्र रमोला, विक्रम सिंह पंवार, जयवीर रावत, देवेंद्र नौडियाल, मुशर्रफ़ अली, विशन सिंह रांगड़, जसबीर नेगी, शक्ति जोशी, विजय गुनसोला, मान सिंह रौतेला, ज्योति भट्ट, लखबीर चौहान, नवीन सेमवाल, सीमा कृषाली, स्गुफ्ता परवीन, ममता पैन्यूली, रमेश गुणसोला, मुर्तजा बेग, पूरण सिंह पोखरियाल, मनीष पंत, मुन्नी बिष्ट, लक्ष्मी रावत, विनीता भट्ट, बीना सजवान आदि मौजूद रहे।

 

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!