आमरण अनशनकारियों के गिरते स्वास्थ्य पर जताई चिंता, शासन स्तर पर शीघ्र बैठक बुलाने की मांग
टिहरी गढ़वाल। टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर आंदोलनरत टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति के एक शिष्टमंडल ने मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात कर आंदोलन की स्थिति से अवगत कराया।
समिति के सह संयोजक भगवान सिंह रावत एवं संरक्षक चंडी प्रसाद डबराल के नेतृत्व में मिले शिष्टमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री को बताया कि समिति के तत्वावधान में 12 नवंबर से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू किया गया है। इसमें 102 दिनों से सत्याग्रह कर रहे जीतराम भट्ट और छात्र नेता राहुल बुटोला आमरण अनशन पर बैठे हैं। शिष्टमंडल ने दोनों अनशनकारियों के लगातार गिरते स्वास्थ्य पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से मामले में शीघ्र सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया।
शिष्टमंडल ने मांग की कि टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण के संबंध में शासन स्तर पर जल्द से जल्द एक आवश्यक बैठक आयोजित की जाए, जिसमें संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित कर उनकी बात सुनी जाए, ताकि इस महत्वपूर्ण मांग पर ठोस निर्णय की दिशा में पहल हो सके।
इस दौरान शिवराज सजवाण, नवीन सेमवाल, टीकम सिंह चौहान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




