ईवीएम जागरूकता के लिए दो मोबाइल वैन को जिलाधिकारी टिहरी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल, 18 नवम्बर 2026 । जनपद टिहरी गढ़वाल में आगामी निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने तथा आमजन को ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा दो जागरूकता वैन संचालित की गई हैं। आज जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल ने दोनों वैन को हरी झंडी दिखाकर फील्ड के लिए रवाना किया।

इन जागरूकता वैन के साथ मास्टर ट्रेनर भी तैनात किए गए हैं, जो विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन को ईवीएम मशीन की कार्यप्रणाली, संचालन एवं मतदान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देंगे। प्रत्येक वैन को प्रतिदिन न्यूनतम तीन स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का लक्ष्य दिया गया है। प्रत्येक स्थान पर कम से कम 20 से 30 लोगों को ईवीएम के संबंध में जानकारी दी जाएगी। साथ ही लोगों की जिज्ञासाओं एवं सवालों का समाधान भी किया जाएगा। आयोजित प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रमों का विवरण प्रतिदिन रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि दोनों जागरूकता वैन जनपद के सभी मतदान केंद्रों एवं बूथों को कवर करते हुए आमजन को ईवीएम की कार्यप्रणाली के प्रति जागरूक करेंगी। उन्होंने कहा कि लोगों को यह समझाना आवश्यक है कि ईवीएम मशीन किस प्रकार कार्य करती है और इसके माध्यम से मतदान की प्रक्रिया कैसे संपन्न होती है। इससे आमजन की शंकाओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान होगा तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या भ्रांति की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना कम होगी।

जिलाधिकारी ने संबंधित मास्टर ट्रेनर्स को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक स्थान पर लोगों को सरल एवं स्पष्ट तरीके से जानकारी दें और उनकी सभी शंकाओं का समाधान सुनिश्चित करें, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।

उन्होंने कहा कि जागरूक एवं सहभागी मतदाता ही निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विश्वसनीय निर्वाचन प्रक्रिया का आधार हैं।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!