शहीद बिकोदर सिंह खाती को शहादत दिवस पर दी श्रद्धांजलि

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

गजा-माणदा सड़क पर शहीद के नाम से स्वागत द्वार बनाने की उठाई मांग

टिहरी गढ़वाल। विकासखंड चंबा के माणदा धार अकरिया गांव निवासी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के शहीद जवान बिकोदर सिंह खाती को उनकी शहादत दिवस पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। रविवार को उनके पैतृक गांव माणदा में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में परिजनों, पुलिस जवानों और ग्रामीणों ने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
बिकोदर सिंह खाती वर्ष 2002 में श्रीनगर के कोठीबाग थाना क्षेत्र स्थित होटल पाम्पोश में सीआरपीएफ के अन्य जवानों के साथ तैनात थे। 22 नवंबर 2002 को दो आतंकवादियों ने समीप की इमारत से होटल में घुसकर सीआरपीएफ जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने बहादुरी से जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों आतंकवादियों को मार गिराया, लेकिन इस मुठभेड़ में सीआरपीएफ के आठ जवान गंभीर रूप से घायल होकर वीरगति को प्राप्त हुए। इनमें कांस्टेबल बिकोदर सिंह खाती भी शामिल थे। उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान के लिए उन्हें मरणोपरांत राष्ट्रपति पुलिस वीरता पदक से सम्मानित किया गया।
शहीद की स्मृति में वर्ष 2002 से प्रत्येक 22 नवंबर को सीआरपीएफ के जवान गांव पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करते आ रहे हैं। इस अवसर पर सीआरपीएफ के हवलदार एसएस रावत, पुलिस चौकी गजा के वरिष्ठ कांस्टेबल मनीष रावत, शहीद की पत्नी बिसला देवी, पुत्र मनीष सिंह और अनीष सिंह खाती, ग्राम प्रधान भगवानी देवी सहित गजेंद्र सिंह खाती, विजेंद्र सिंह खाती, रौनक सिंह, होशियार सिंह, कुंवर सिंह खाती, योगेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह खाती तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
श्रद्धांजलि सभा में ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से गजा-माणदा सड़क पर गजा के निकट खाड़ी रोड में शहीद बिकोदर सिंह खाती के नाम से स्वागत द्वार का निर्माण कराने तथा गजा-माणदा सड़क का शीघ्र डामरीकरण कराने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि शहीद के नाम पर स्वागत द्वार का निर्माण उनके बलिदान और क्षेत्र के गौरव को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
सभा के अंत में उपस्थित लोगों ने नम आंखों से वीर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को सदैव याद रखने का संकल्प लिया।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!