मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत चमोली में अब तक 37 अनाथ बच्चे चिन्हित

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

चमोली । मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत चमोली जनपद में अब तक 37 अनाथ बच्चों को चिन्हित कर लिया गया है जिनके माता पिता की मृत्यु कोविड महामारी के कारण हुई। बुधवार को जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के क्रियान्वयन को लेकर गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक में अब तक चिन्हित बच्चों की आवेदन प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने जोर दिया गया।

बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद में चिन्हित 37 अनाथ बच्चों के संरक्षकों से प्रमाण पत्र सहित आवेदन पत्र एवं इस संदर्भ में संबंधित नायब तहसीलदारों से रिपोर्ट आ चुकी है। पोखरी तहसील से 6 बच्चों की निर्धारित प्रारूप में रिपोर्ट उपलब्ध न होने पर जिलाधिकारी ने जल्द रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक गांव में आंगनबाड़ी कार्यकत्री के माध्यम से सर्वे कर रिपोर्ट ली जाए। यदि ऐसा कोई बच्चा छूट गया है तो उसके लिए भी तत्काल आवेदन प्रक्रिया को पूरा किया जाए।

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण एवं अन्य संबंधित विभागों को भी छूटे हुए अनाथ बच्चों की जानकारी जिला प्रोबेशन अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वात्सल्य योजना 01 मार्च 2020 से 31 मार्च 2022 तक लागू रहेगी। 

इस योजना से आच्छादित बच्चों को 21 वर्ष की आयु तक 3 हजार रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता अनुमन्य की गई है। बच्चों के चिन्हीकरण के लिए तहसीलदार तथा नायब तहसीलदारों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!