स्टार्टअप उत्तराखंड बूट कैंप के तहत चमोली की 11 टीमें राज्य स्तर के लिये चयनित

Garhninad Desk
2 Min Read
खबर को सुनें

चमोली, 24 फरवरी 2024। जिला उद्योग केंद्र की ओर से राजकीय प्रौद्योगिकी संस्थान गोपेश्वर में उत्तराखंड स्टार्टअप ग्रैंड चैलेंज 2023-24 के तहत स्टार्टअप उत्तराखंड बूट कैम्प आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के निदेशक प्रो0 अमित अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस दौरान वक्ताओं ने छात्र-छात्राओं को राज्य सरकार की ओर से संचालित स्टार्टअप उत्तराखंड बूट कैंप की विस्तृत जानकारी दी।
राजकीय प्रौद्योगिकी संस्थान के सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रुड़की इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के इनक्यूबेटर प्रभारी अमित रावत और मनोरथ कुमार ने बताया कि राज्य सरकार की आरे से नवाचार को बढ़ावा देने के लिये उत्तराखंड उद्योग निदेशालय के माध्यम से विशेष प्रयास किया जा रहा है। जिसके लिए सभी जनपदों से नए विचारों को चयनित कर स्वरोजगार की नीति बनाई जा रही है। साथ ही उन्होंने छात्र-छात्राओं को स्टार्टअप की जानकारी दी।

जिला उद्योग केंद्र महाप्रबंधक चंचल सिंह बोहरा ने बताया कि उत्तराखंड सरकार की स्टार्टअप नीति के तहत उत्पादन पर आधारित स्टार्टअप के लिए 50 लाख व सर्विस सेक्टर में 20 लाख का ऋण प्रदान किया जा रहा है। योजना में 65 फीसदी ऋण अदायगी उद्यमी को करनी होगी, जबकि 35 प्रतिशत ऋण उद्यमी के खाते में योजना के तहत प्रदान किया जाएगा। कैंप में संस्थान की 21 टीमों ने प्रतिभाग किया। जिनमें से 11 टीमों को राज्य स्तर के लिये चयनित किया गया है।

कार्यक्रम का संचालन संस्थान के छात्र कल्याण अधिष्ठाता अरुण नेगी ने किया। इस मौके पर छात्र-छात्राओं के सहित उद्योग विभाग के सहायक प्रबंधक विक्रम सिंह कुंवर आदि मौजूद थे।

Share This Article
error: Content is protected !!