क्लेमेंटाउन में युवक पर जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, पूर्व विवाद निकला घटना का कारण

Garhninad Desk
2 Min Read
खबर को सुनें

देहरादून, 22 अगस्त 2024: क्लेमेंटाउन क्षेत्र में अंश शर्मा पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इस हमले का कारण पूर्व में हुआ एक विवाद था, जिसके चलते चैतन्य शर्मा और दीपक शर्मा उर्फ विशाल ने घटना को अंजाम दिया।

घटना की जानकारी 15 अगस्त 2024 को अंश शर्मा पुत्र विनोद शर्मा, निवासी सहारनपुर (हाल पता सी-24 टर्नर रोड, क्लेमेंटाउन) ने थाना क्लेमेंटाउन में दी। अंश शर्मा ने बताया कि वैभव रावत और उसके साथियों ने सुभाष नगर में ट्रेंड्स वाली गली में उन पर और उनके साथियों पर जानलेवा हमला किया।

घटना की गम्भीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए। थानाध्यक्ष क्लेमेंटाउन के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आस-पास के सीसीटीवी फुटेज और पीड़ित के मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने हिमाद्री कॉलोनी, पित्थुवाला के निकट शिव मंदिर के पास एक पीजी से चैतन्य शर्मा और दीपक शर्मा उर्फ विशाल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि पूर्व विवाद के चलते उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने अन्य आरोपियों को भी चिन्हित कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।

गिरफ्तार चैतन्य शर्मा का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें पूर्व में चोरी, बलवा और मारपीट के कई मामले दर्ज हैं।

पुलिस टीम में एसआई कुंदन राम (SOG), एसआई अरविंद (थाना क्लेमेंटाउन), हेड कांस्टेबल किरण (SOG), कांस्टेबल ललित (SOG), कांस्टेबल अमित (SOG), कांस्टेबल आशीष शर्मा (SOG) और कांस्टेबल पंकज (SOG) शामिल रहे।

पुलिस ने अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी रखे हैं और जल्द ही उन्हें भी हिरासत में लिया जाएगा।

Share This Article
error: Content is protected !!