राजकीय आदर्श विद्यालय नई टिहरी को उत्कृष्ट विद्यालय बनाने की पहल

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

नई टिहरी, 05 नवम्बर, 2024 । जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नई टिहरी स्थित राजकीय आदर्श विद्यालय को उत्कृष्ट विद्यालय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाने का निर्णय लिया गया। जिला कलेक्ट्रेट के वीसी कक्ष में मंगलवार को शिक्षा विभाग के अधिकारियों और संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की उपस्थिति में इस योजना पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में जिलाधिकारी ने राजकीय आदर्श विद्यालय के साथ-साथ रा.प्रा.वि. नई टिहरी प्रथम, द्वितीय, तृतीय, रा.प्रा.वि. बौराड़ी एवं रा.प्रा.वि. सेमलतप्पड के प्रधानाध्यापकों से विद्यालयों में अध्यापकों और छात्रों की संख्या की जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने उत्कृष्ट विद्यालय योजना के बारे में जानकारी देते हुए प्रधानाध्यापकों से सुझाव मांगे, जिन्हें सभी ने सकारात्मक दृष्टिकोण से सहमति दी।

जिलाधिकारी ने बताया कि योजना के अंतर्गत निकटवर्ती पाँच प्राथमिक विद्यालयों को राजकीय आदर्श विद्यालय के साथ समायोजित किया जाएगा, जिससे विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाई जा सकेगी। इस उत्कृष्ट विद्यालय में स्मार्ट क्लास, बस सेवा, लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं प्रदान कर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का लक्ष्य है। जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक को इस योजना के तहत आवश्यक सुविधाओं की सूची तैयार करने और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।

साथ ही, सभी प्रधानाध्यापकों को एक सप्ताह के भीतर अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) आयोजित कर अभिभावकों को इस योजना के बारे में जानकारी देने और सुझाव प्राप्त करने का निर्देश दिया गया है।

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक वी.के. ढौंडियाल, खण्ड शिक्षा अधिकारी एन.के. हल्दियानी, संकुल समन्वयक आनंदमनी पैन्यूली, प्रधानाध्यापक तीर्थराज राणा, लक्ष्मी सिंह, उत्तम तोपवाल, राकेश सिंह चौहान, शमीम अहमद, शशि जुयाल और प्रभारी पी.एम. पोषण वीरेन्द्र सिंह राणा उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!