उत्तराखंडविविध न्यूज़

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: खाड़ी महाविद्यालय में योग व स्वास्थ्य पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन

Please click to share News

खबर को सुनें

छात्रों ने साझा किए विचार, विशेषज्ञों ने बताए योग के लाभ

टिहरी गढ़वाल 4 जून 2025 । अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय महाविद्यालय खाड़ी में “योग एवं स्वास्थ्य” विषय पर भाषण प्रतियोगिता और योग शिविर का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय की सहायक प्राध्यापिका डॉ. संगीता विजल्वान जोशी और आयुष विभाग के सहयोग से आयोजित हुआ।

इस अवसर पर आयुर्वेद एवं यूनानी विभाग नागणी से डॉ. वीरेंद्र, जाजल से डॉ. सुषमा, तथा योग प्रशिक्षक श्री मनीष और श्री भंडारी ने विद्यार्थियों को योग की विभिन्न क्रियाएं सिखाईं और उसके शारीरिक व मानसिक लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में डॉ. सीमा पांडे ने “डे टू डे लाइफ एंड योगा” विषय पर अपना शोधपत्र प्रस्तुत करते हुए बताया कि योग को दिनचर्या में शामिल कर व्यक्ति कैसे तनावमुक्त, स्वस्थ और एकाग्रचित्त जीवन जी सकता है।

भाषण प्रतियोगिता में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। निर्णायक मंडल द्वारा प्रथम स्थान कोमल, द्वितीय स्थान विपिन और तृतीय स्थान मीनाक्षी को प्रदान किया गया। प्रतिभागियों ने योग के विविध पक्षों मानसिक स्वास्थ्य, जीवनशैली, एकाग्रता और भारतीय दर्शन पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो ए.के. सिंह ने योग की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और वर्तमान प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा, “योग भारत की अमूल्य धरोहर है, जिसने आज विश्वभर में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। यह केवल शरीर की कसरत नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित और संपूर्ण बनाने की एक पद्धति है।”

कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. संगीता विजल्वान जोशी ने योग के जनक महर्षि पतंजलि और आध्यात्मिक चिंतक श्री अरविंदो के विचार साझा किए। उन्होंने बताया कि पतंजलि ने योग को व्यवस्थित दर्शन के रूप में परिभाषित किया, जबकि श्री अरविंदो ने योग को आत्मविकास का माध्यम माना।

इस अवसर पर उपस्थित सभी विद्यार्थियों और नागरिकों ने नशा मुक्त जीवनशैली अपनाने और “नमामि गंगे” अभियान के अंतर्गत माँ गंगा को स्वच्छ रखने का संकल्प भी लिया। रेडक्रॉस सोसायटी की नोडल अधिकारी ईरा सिंह तथा पंजीकृत स्वयंसेवियों ने भी कार्यक्रम में भागीदारी की।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण डॉ. निरंजना शर्मा, डॉ. शन्नवर, डॉ. ईरा सिंह, डॉ. मीना, डॉ. मीनाक्षी के साथ-साथ कर्मचारी श्री बिष्ट, पंकज, दीपक, हिदेश और आशीष ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों को योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश देते हुए आयोजन का समापन हुआ।


Please click to share News

Govind Pundir

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!