राजकीय महाविद्यालय खाड़ी में युवा संसद कार्यक्रम का सफल आयोजन

टिहरी गढ़वाल, 4 दिसंबर 2025। राजकीय महाविद्यालय खाड़ी में आज राजनीतिक शास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. निरंजना शर्मा के नेतृत्व में युवा संसद कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के विभिन्न छात्र-छात्राओं ने युवा संसद की भूमिका निभाते हुए पारदर्शी और सजीव संसदीय कार्यवाही प्रस्तुत की।
कार्यक्रम की शुरुआत सदन में लोकसभा अध्यक्ष के आगमन से हुई, जिनका सभी सांसदों ने आदरपूर्वक स्वागत किया। इसके पश्चात वर्ष 2025 में देश के विभिन्न क्षेत्रों में आई आपदाओं तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवाकर भट्ट जी के निधन पर सदन में श्रद्धांजलि दी गई। सदन की कार्यवाही का आरंभ अध्यक्ष ने प्रश्नकाल से किया, जिसमें विपक्षी भूमिका में छात्र-छात्राओं ने सरकार से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पर्यावरण एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर प्रश्न पूछे।
सरकार की ओर से रक्षा, विदेश, स्वास्थ्य, शिक्षा, खाद्य, पर्यावरण, तकनीकी और संचार मंत्री उत्तराखंड के सांसदों ने संतोषजनक एवं विस्तृत उत्तर प्रदान किए। प्रधानमंत्री ने भारत के सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और तकनीकी उन्नति के कार्यक्रमों पर अपने विचार साझा किए और सभी सांसदों से अपने-अपने क्षेत्रों के विकास के प्रति कृत संकल्पित होने का आह्वान किया, ताकि भारत विश्व की प्रमुख विश्व शक्ति बन सके।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रो. निरंजना शर्मा ने संसद की भूमिका तथा विपक्ष और पक्ष की देश की प्रगति में अहमियत पर विस्तार से चर्चा की।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एके सिंह ने छात्र-छात्राओं को संसदीय कार्य प्रणाली के प्रति जागरूक करते हुए भविष्य में बेहतर सांसद बनने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य ने विभिन्न क्षेत्रों से उठाए गए प्रश्नों और मंत्रियों के सटीक उत्तरों की सराहना की तथा स्वस्थ संसदीय व्यवस्था को देश के विकास के लिए आवश्यक बताया।
अंत में, प्राचार्य महोदय द्वारा प्रो. निरंजना शर्मा को इस उत्कृष्ट आयोजन के लिए बधाई दी गई एवं सभी प्रतिभागियों के अभिनय और भूमिका की प्रशंसा की गई। कार्यक्रम की संयोजक प्रो. निरंजना शर्मा ने सभी अतिथियों, प्राध्यापक वर्ग, कार्यालय कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं का धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस कार्यक्रम में महाविद्यालय का समस्त शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ तथा छात्र-छात्राएं दर्शक के रूप में मौजूद थे।



