टिहरी पुलिस की सख्ती और संवेदनशीलता—अवैध साइलेंसर, नशे के खिलाफ कार्रवाई, गुम मोबाइल लौटाए

टिहरी गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल में पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था, सड़क सुरक्षा एवं जनसेवा को लेकर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशों तथा अपर पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित क्षेत्राधिकारियों के कुशल पर्यवेक्षण में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाए गए।
इसी क्रम में थाना थत्यूड़ पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान के दौरान दोपहिया वाहनों में लगे अवैध रेट्रो/कानफाड़ू साइलेंसरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। चौकी धनौल्टी क्षेत्र में वाहन संख्या UK-07 FH-5244 (बुलेट) में अवैध साइलेंसर पाए जाने पर चालक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया गया। पुलिस ने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और अवैध साइलेंसर स्वेच्छा से हटाने की अपील की है।
वहीं थाना हिंडोलाखाल पुलिस ने नशामुक्त जनपद अभियान के तहत रोङधार तिराहे के पास चेकिंग के दौरान 05 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। अभियुक्त रामपाल (41 वर्ष), निवासी छडियारा के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इसके साथ ही जनसेवा के क्षेत्र में भी टिहरी पुलिस ने सराहनीय कार्य किया है। थाना थत्यूड़ एवं थाना कैम्पटी पुलिस द्वारा CEIR पोर्टल के प्रभावी उपयोग से कुल 04 गुम/चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सकुशल लौटाए गए। बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत लगभग ₹25,000/- तक बताई गई है। मोबाइल वापस पाकर स्वामियों ने पुलिस की तत्परता और ईमानदार कार्यप्रणाली की खुले दिल से प्रशंसा की।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, यातायात नियमों का पालन करें तथा गुम हुए मोबाइल की जानकारी शीघ्र थाने में दर्ज कराएं।
टिहरी पुलिस—कानून का पालन, जनता की सुरक्षा और सेवा के लिए सदैव तत्पर



