नई टिहरी में भाजपा की जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला, 7 मार्च से मंडलों में 24 घंटे के प्रशिक्षण वर्ग

टिहरी गढ़वाल 28 फरवरी 2026। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीन दयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के तहत शनिवार को नई टिहरी में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में संगठन की रीति-नीतियों, सरकार की उपलब्धियों और कार्यकर्ताओं के कौशल विकास पर विस्तृत चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि 7 मार्च से 14 अप्रैल तक मंडल स्तर पर 24 घंटे की प्रशिक्षण कार्यशालाएं अनिवार्य रूप से आयोजित की जाएंगी।
जिलाध्यक्ष उदय रावत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं महाअभियान के प्रदेश संयोजक कुंदन परिहार ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भाजपा एक संगठन आधारित पार्टी है, जिसकी मजबूती उसके समर्पित कार्यकर्ताओं से है। प्रशिक्षण वर्गों का उद्देश्य कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करना और उन्हें संगठन की विचारधारा तथा सरकार की नीतियों से भली-भांति अवगत कराना है।
उन्होंने पंडित दीन दयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ के सिद्धांत पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाना ही पार्टी का मूल लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि देश को बांटने वाली नकारात्मक ताकतों के विचारों का जवाब कार्यकर्ताओं को सकारात्मक संवाद और तथ्यात्मक जानकारी के माध्यम से देना चाहिए।
प्रशिक्षण के निर्धारित सात बिंदुओं में विचार-परिवार, भाजपा का इतिहास एवं विकास, कार्य विस्तार की दृष्टि, कार्य पद्धति, सरकारों की उपलब्धियां एवं क्रियान्वयन, एआई, नमो और सरल ऐप का उपयोग, बूथ पालन तथा ‘मन की बात’ जैसे विषय शामिल किए गए हैं।
जिले के सहप्रभारी रविंद्र राणा ने निर्देश दिए कि मंडल स्तर की कार्यशालाएं तय समय सीमा में पूर्ण की जाएं और प्रत्येक मंडल में संयोजक व सहसंयोजक की तत्काल नियुक्ति की जाए। उन्होंने कहा कि 24 घंटे के इन प्रशिक्षण वर्गों का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाना है।
इस अवसर पर आईटी सेल के प्रदेश संयोजक प्रवीन लेखवार,टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय,घनसाली शक्ति लाल शाह,पूर्व विधायक धन सिंह नेगी,ब्लॉक प्रमुख राजेश नौटियाल,सुरेंद्र भंडारी,संयोजक जयेंद्र सेमवाल,सहसंयोजक गोविंद रावत,डॉ.प्रमोद उनियाल,उर्मिला राणा,महामंत्री बलवंत रावत,पूर्व जिलाध्यक्ष मेहरबान रावत,अतर सिंह तोमर,महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष इंदू डंगवाल,एससी मोर्चा अध्यक्ष राजेंद्र कोली,युवा मोर्चा अध्यक्ष मनीष राणा,ओबीसी राजेंद्र थलवाल,किसान मोर्चा बलबीर राणा,अल्पसंख्यक तौफीक अहमद,पालिकाध्यक्ष ममता देवी,रोशन रांगड,गोविंद सिंह रावत,आनंद बिष्ट,खेम सिंह चौहान,डॉ.भान सिंह नेगी,परममीर पंवार,लीला मखलोगा,अनिता कोठारी,आरती सेनवाल,सुनीता देवी,दिनेश डोभाल,विजय कठैत,रमेश रतूड़ी,राजेंद्र जुयाल,रामकुमार कठैत,जीतराम भट्ट,राजेंद्र डोभाल,शशि ध्यानी,नीरज खत्री,संदीप सिंह आदि उपस्थित थे।



