एसएसपी ने फायर स्टेशन नई टिहरी का किया वार्षिक निरीक्षण, तैयारियों का लिया जायजा

टिहरी गढ़वाल 28 फरवरी 2026। जनपद टिहरी गढ़वाल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री आयुष अग्रवाल द्वारा फायर स्टेशन नई टिहरी का वार्षिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी टिहरी गढ़वाल एवं प्रभारी फायर स्टेशन श्री सुनील सिंह सहित समस्त अग्निशमन कार्मिक उपस्थित रहे।
निरीक्षण की शुरुआत फायर स्टेशन परिसर में आयोजित फॉल-इन परेड से हुई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कर्मचारियों के टर्नआउट और वर्दी की जांच की। सभी कार्मिक निर्धारित एवं स्वच्छ वर्दी में अनुशासित रूप से उपस्थित पाए गए।
ड्यूटी व्यवस्थाओं का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। दिवसाधिकारी ड्यूटी पर लीडिंग फायरमैन यशवीर सिंह, वॉचरूम ड्यूटी पर महिला फायरमैन सरिता तथा संतरी ड्यूटी पर महिला फायरमैन दीक्षा पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ तैनात मिलीं।
इस दौरान फायर स्टेशन में उपलब्ध सभी अग्निशमन वाहनों, मशीनों एवं उपकरणों को स्टार्ट कर उनकी कार्यशीलता जांची गई, जो संतोषजनक पाई गई। अधिकारियों ने वाहनों एवं संसाधनों की नियमित देखभाल जारी रखने के निर्देश दिए।
बैरक एवं मैस का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। स्टोर रूम में उपलब्ध सामग्री एवं उपकरण सुव्यवस्थित एवं अभिलेख अद्यावधिक पाए गए। निष्प्रयोज्य सामग्री की नीलामी की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने समस्त अग्निशमन कार्मिकों के साथ सम्मेलन कर उनकी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं तथा सुझावों की जानकारी ली और उनके समाधान का आश्वासन दिया।
अंत में आगामी फायर सीजन एवं यात्रा सीजन को ध्यान में रखते हुए विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी आकस्मिक सूचना पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
टिहरी पुलिस एवं अग्निशमन सेवा जनपदवासियों की सुरक्षा हेतु पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ निरंतर तत्पर है।



