जिला कांग्रेस कार्यालय बौराड़ी, नई टिहरी में हर्षोल्लास के साथ होली मिलन समारोह संपन्न

टिहरी गढ़वाल । जिला कांग्रेस कार्यालय, बौराड़ी नई टिहरी में सोमवार को होली मिलन समारोह बड़े उत्साह और भाईचारे के वातावरण में संपन्न हुआ। जिले भर से पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से रंगों के इस पावन पर्व का उल्लासपूर्वक स्वागत किया। कार्यक्रम प्रातः 11 बजे से अपराह्न 2:30 बजे तक आयोजित किया गया।
समारोह का शुभारंभ भगवान श्री गणेश एवं राधा-कृष्ण के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं भोग अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष मुरारीलाल खंडवाल ने सभी कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए होली की शुभकामनाएं दीं।
पूर्व जिलाध्यक्ष शांति प्रसाद भट्ट एवं सूरज राणा ने अपने संबोधन में कहा कि होली का पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। यह हमें समाज में प्रेम, सौहार्द और मानवता को जीवित रखने का संदेश देता है तथा बैर, नफरत और हिंसा से दूर रहने की प्रेरणा प्रदान करता है।
पूर्व प्रमुख विजय गुनसोला एवं नरेंद्र चंद रमोला ने कहा कि होली को स्वच्छता और आपसी सम्मान के साथ मनाया जाना चाहिए। वहीं पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश राणा ने सभी से उत्साहपूर्वक एवं मर्यादित ढंग से होली मनाने की अपील की।
कार्यक्रम का आयोजन शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पंवार की देखरेख में हुआ। उन्होंने सभी उपस्थितजनों का स्वागत-अभिनंदन करते हुए कहा कि कांग्रेस परिवार सदैव सभी त्योहारों को मिलजुलकर मनाता आया है और यह परंपरा आगे भी जारी रहेगी।
समारोह में महिलाओं ने पूर्व महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश महामंत्री श्रीमती दर्शनी रावत के नेतृत्व में भजन-कीर्तन से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद होली के लोकगीतों पर सभी ने नृत्य किया और एक-दूसरे को रंग, गुलाल व अबीर लगाकर शुभकामनाएं दीं। विशेष आकर्षण के रूप में गुलाब की पंखुड़ियों से फूलों की होली खेली गई।
कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। इसी दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश प्रवक्ता शांति प्रसाद भट्ट का जन्मदिन भी केक काटकर मनाया गया।
समारोह में प्रमुख रूप से मुरारीलाल खंडवाल, शांति प्रसाद भट्ट, सूरज राणा, राकेश राणा, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नरेंद्र चंद रमोला, विजय गुनसोला, प्रदीप रमोला, कुलदीप पंवार, शक्ति प्रसाद जोशी, साब सिंह सजवान, मुशर्रफ अली, देवेंद्र नौडियाल, जयवीर सिंह रावत, मुर्तजा बेग, कृष्ण स्वरूप बडोनी, गब्बर सिंह रावत, संतोष आर्य, वीरेंद्र दत्त, मनीष पंत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं महिला कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह ने सामाजिक समरसता, भाईचारे और उत्साह का सुंदर संदेश दिया।



