टिहरी झील महोत्सव के अंतिम दिन खारास्रोत आस्था पथ पर काइट फेस्टिवल, राफ्टिंग विजेताओं को किया सम्मानित

टिहरी गढ़वाल 9 मार्च 2026। चार दिवसीय टिहरी झील महोत्सव–2026 के अंतिम दिन सोमवार को मुनिकीरेती स्थित पूर्णानंद घाट के समीप खारास्रोत आस्था पथ पर रंगारंग काइट फेस्टिवल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने स्कूली बच्चों, विदेशी पर्यटकों और स्थानीय लोगों को पतंग वितरित कर किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि गंगा हमारी जीवनरेखा है, इसके बिना हमारा जीवन अधूरा है। इसलिए हम सभी की जिम्मेदारी है कि गंगा को साफ और स्वच्छ बनाए रखें। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के टिहरी भ्रमण के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुरूप टिहरी झील महोत्सव को जनपद के सभी क्षेत्रों से जोड़ने का प्रयास किया गया है। साथ ही पुरानी टिहरी शहर की स्मृतियों को संजोते हुए देव डोलियों के संगम, महत्वपूर्ण ट्रैक रूटों के उपयोग और उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति को प्रदर्शित करने की पहल की गई है।
उन्होंने कहा कि संस्कृति हमारी सबसे बड़ी धरोहर है, इसलिए नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों से परिचित कराना जरूरी है। सभी के सहयोग से चार दिवसीय टिहरी झील महोत्सव सफलतापूर्वक सम्पन्न होने जा रहा है।
इस मौके पर नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने कहा कि जिला प्रशासन ने महोत्सव के माध्यम से सभी क्षेत्रों को जोड़ने, पर्यटन को बढ़ावा देने और सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने का सराहनीय कार्य किया है। वहीं नगर पंचायत तपोवन की अध्यक्ष विनीता बिष्ट ने कहा कि ऐसे आयोजन समय-समय पर होते रहने चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ी अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी रहे।
महोत्सव के अंतर्गत रविवार को आयोजित रिवर राफ्टिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को भी इस दौरान सम्मानित किया गया। टूरिस्ट कैटेगरी में 25 टीमों ने प्रतिभाग किया, जिसमें गढ़वाल मंडल विकास निगम की टीम ने प्रथम, संगम एडवेंचर ने द्वितीय और रिवर एक्सप्लोरर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं प्रोफेशनल कैटेगरी में 98 टीमों के बीच हुए मुकाबले में रेड चिल्ली टीम प्रथम, नेचर रैपिड एक्सपेडिशन द्वितीय और पैरामाउंट टूर तृतीय स्थान पर रही।
कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालय और जूनियर हाई स्कूल ढालवाला के बच्चों ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम स्थल पर सैकड़ों लोगों ने पतंगबाजी का आनंद उठाया और उत्सव का हिस्सा बने।
इस अवसर पर सीडीओ वरुणा अग्रवाल, डीएफओ मुनिकीरेती दिगंत, परमार्थ निकेतन के प्रतिनिधि दीपक, वार्ड सदस्य विनोद सकलानी, मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी, एसडीएम आशीष घिल्डियाल, खंड विकास अधिकारी श्रुति वत्स, ईओ मुनिकीरेती अंकिता जोशी, ईओ तपोवन अंजलि रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय नागरिक, विदेशी पर्यटक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



